Sheikhpura Crime News : शेखपुरा के सदर अस्पताल के सामने मछली मार्केट में मछली बेचने के दौरान एक पक्ष के बदमाशों द्वारा दूसरे पक्ष के लोगों के ऊपर जानलेवा हमला कर बुरी तरह घायल करने और लूटपाट करने के एक मामले के आरोपी दीपक मंडल को पुलिस ने धर दबोचा.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शहर के बंगाली पर मोहल्ला निवासी बौधू मंडल के पुत्र के रूप में हुई है. छापेमारी का नेतृत्व एससी-एसटी थानाध्यक्ष अजितेंद्र कुमार ने की. इस मामले में पुलिस ने गत 24 जुलाई को थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के उपरांत 24 घंटे के अंदर एक आरोपी बादल मंडल को गिरफ्तार कर लिया था. गिरफ्तार आरोपी को बाद में पुलिस निगरानी में जेल भेज दिया गया.
जातिसूचक गाली-गलौज और मारपीट की घटना
इस बाबत थानाध्यक्ष ने बताया कि गत 22 जुलाई को मछली मार्केट में अनुसूचित जाति के दो मछली विक्रेता बबलू कुमार और उनके ममेरे भाई नीरज कुमार के साथ जातिसूचक गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की गई थी.
साथ ही घायलों के पास से सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी को लूट लिया गया था. मामले को लेकर 24 जुलाई को घायल बबलू रविदास द्वारा स्थानीय एससी-एसटी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था.
थानाध्यक्ष की कार्रवाई और नामजद आरोपियों का विवरण
थानाध्यक्ष अजितेन्द्र कुमार ने कार्रवाई करते हुए मामले के फरार नामजद आरोपी दीपक मंडल को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि इस घटना के सिलसिले में स्थानीय थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में 5 लोगों को नामजद तथा 8 अज्ञात को अभियुक्त बनाया गया था.
अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास
उन्होंने कहा कि मामले के अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस प्रयास कर रही है. हालांकि अब तक इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है. शेष फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु छापेमारी की जा रही है.
