पुराने टायरों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 799.52 लीटर शराब, शेखपुरा में एक तस्कर पकड़ा गया

मिशन थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. वाहन जांच के दौरान पिकअप वैन से करीब 17 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की गई है. पुलिस ने मौके से एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार भी किया है.

Liquor Smuggling: नालंदा और शेखपुरा जिले की सीमा पर स्थित मिशन थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 17 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब की खेप बरामद की है. शराब को पुराने टायरों के नीचे छिपाकर पिकअप वैन से ले जाया जा रहा था. पुलिस ने मौके से एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया.

सूचना के बाद शुरू की गयी सघन वाहन जांच

मिशन थानाध्यक्ष आदित्य रंजन ने बताया कि उत्पाद विभाग और पुलिस मुख्यालय, पटना से सूचना मिली थी कि पुराने टायरों की आड़ में शराब की बड़ी खेप पिकअप वैन से बिहारशरीफ के रास्ते शेखपुरा की ओर लाई जा रही है. सूचना मिलने के बाद मिशन थाना पुलिस को अलर्ट कर दिया गया और थाना क्षेत्र में वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गयी.

इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वैन मिशन थाना के समीप पहुंची. पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी शुरू की. शुरुआती जांच में वाहन में पुराने टायर रखे दिखाई दिये. पुलिस को संदेह होने पर टायरों को हटाकर अंदर तलाशी ली गयी, तो उनके नीचे छिपाकर रखी विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई.

85 कार्टन में मिली 799.52 लीटर शराब

पुलिस के अनुसार, पिकअप वैन से 85 कार्टन में बंद करीब 799.52 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी है. बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 17 लाख रुपये बतायी जा रही है. बरामद शराब ओल्ड हैबिट कंपनी की है. शराब को पुराने टायरों के नीचे इस तरह छिपाया गया था कि सामान्य जांच के दौरान आसानी से उसका पता नहीं चल सके.

झारखंड के धनबाद का तस्कर गिरफ्तार

मौके से गिरफ्तार तस्कर की पहचान झारखंड के धनबाद निवासी राजगीर बरनवाल के पुत्र दिलीप कुमार के रूप में की गयी है. पुलिस उससे शराब की खेप के स्रोत, इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों और तस्करी के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है.

पूछताछ में प्रारंभिक तौर पर यह जानकारी सामने आयी है कि शराब की उक्त खेप को बेगूसराय ले जाने की तैयारी थी. हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि शराब कहां से लायी गयी थी और इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.

एक युवक मौके से फरार

पुलिस ने शराब के साथ पिकअप वैन को भी जब्त कर लिया है. वाहन के साथ मौजूद एक अन्य युवक पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया. उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

बोतलों पर बैच नंबर और एक्सपायरी डेट नहीं

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान बरामद शराब के नकली होने की संभावना भी जतायी जा रही है. जानकारी के मुताबिक, बरामद शराब की बोतलों पर बैच नंबर और एक्सपायरी डेट अंकित नहीं है. इससे नकली शराब होने की संभावना को बल मिल रहा है. हालांकि, शराब नकली है या नहीं, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By उमेश कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >