Sheikhpura Jail Raksha Bandhan : रक्षाबंधन को लेकर सबसे ज्यादा भावुक क्षण शेखपुरा मंडल कारा के समक्ष देखने को मिला. जेल में बंद अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए बड़ी संख्या में बहनें सवेरे से ही जेल परिसर में इकट्ठा होना शुरू हो गई थीं. सभी की ऑनलाइन एंट्री दर्ज करने के बाद उन्हें राखी बांधने की अनुमति प्रदान की गई.
जेल प्रशासन ने की विशेष व्यवस्था, दोपहर तक जारी रहा मुलाकात का दौर
इस संबंध में जानकारी देते हुए जेल अधीक्षक लाल बाबू सिंह ने बताया कि जेल मुलाकाती को लेकर रक्षाबंधन के दिन विशेष व्यवस्था की गई थी, ताकि इस दिन कोई भी भाई अपनी बहन के इस पवित्र स्नेह से वंचित न रह सके.
राखी बांधने और मिठाई खिलाने का काम दोपहर तक जारी रहा. जेल परिसर में शुक्रवार को पूरी तरह उत्सवी माहौल बना रहा.
भाई को कारागार में देख भावुक हुईं बहनें, मांगी जल्द रिहाई की दुआ
इस अवसर पर बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों को कारागार के अंदर बंद देखकर भावुक भी हो गईं. बहनों ने आंखों में आंसू बहाते हुए अपने भाई की कलाई पर राखी बांधी और जल्द ही उनके कारावास से मुक्त होने की दुआ मांगी.
कैदियों के लिए विशेष भोजन और उपहारों की व्यवस्था
जेल अधीक्षक ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर जेल के अंदर रहने वाले लोगों के भोजन की विशेष व्यवस्था की गई थी. सभी कैदियों को रक्षाबंधन के अवसर पर विशेष भोजन परोसा गया. इसके अलावा उनके घर-परिवार और बहनों द्वारा दी गई मिठाई और तोहफे को भी उनके पास सुरक्षित पहुंचा दिया गया, जिसे उन सभी ने आपस में बांटकर रक्षाबंधन का पवित्र त्योहार मनाया.
न्यायालय परिसर में भी बहनों ने बांधी राखी, भावुक क्षण के साक्षी बने जज व सुरक्षाकर्मी
उधर, जेल में बंद कैदी जो न्यायालय में उपस्थित होने आए थे, उन्हें भी बहनों ने न्यायालय परिसर में ही रक्षा सूत्र उनकी कलाई पर बांधा. जेल सुरक्षा में लगे कर्मी और न्यायाधीश भी इस भावुक क्षण के साक्षी बने. न्यायालय में जेल से हाजिर कराए गए कैदियों की बहनों ने आंखों में आंसू भरते हुए भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनका मुंह भी मीठा कराया.
