शेखपुरा. डीएम शेखर आनंद ने शेखोंपुरसराय प्रखंड की बेलाव पंचायत सरकार भवन में आयोजित "सबका सम्मान, जीवन आसान" कार्यक्रम के तहत लगे सहयोग शिविर का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्यप्रणाली का जायजा लिया और आम जनमानस को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की. सहयोग शिविर में डीएम ने 10 पात्र लाभार्थियों को अपने हाथों से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र प्रदान किया.
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के पहुंचे. उन्होंने कहा कि लगातार विभिन्न पंचायतों का भ्रमण करने का मुख्य उद्देश्य धरातल पर कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की सही स्थिति का पता लगाना और आम लोगों की समस्याओं का निष्पादन मौके पर ही करना है.
डीएम ने बच्चों को सिखायीं खगोल शास्त्र की बारीकियां
सहयोग शिविर के निरीक्षण के बाद डीएम प्लस टू उच्च विद्यालय, सर्वा पहुंचे. वहां उन्होंने कक्षाओं में जाकर पठन-पाठन की स्थिति का अवलोकन किया. निरीक्षण के दौरान डीएम शेखर आनंद ने शिक्षक की भूमिका निभाते हुए बच्चों को खगोल शास्त्र की मूलभूत जानकारी दी.
उन्होंने छात्रों को ब्रह्मांड, ग्रहों और तारों के बारे में जानकारी देते हुए पूरे मन से पढ़ाई करने और जीवन में बड़ा लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित किया. डीएम ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खूबसूरत पेंटिंग्स भी उपहारस्वरूप भेंट कीं.
जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अमले के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे. इनमें शेखोंपुरसराय के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, स्थानीय मुखिया एवं पंचायत समिति सदस्य समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और लाभार्थी उपस्थित थे.
