Sheikhpura Sanskritik Mahotsav : शेखपुरा जिला के 32वें स्थापना दिवस के मौके पर जिला समाहरणालय स्थित परेड ग्राउंड में भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जहां रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा. कार्यक्रम का उद्घाटन डीएम शेखर आनंद ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान जिले के नामी कलाकारों के साथ-साथ स्कूली बच्चों ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से माहौल को उत्सव में बदल दिया.
कार्यक्रम की शुरुआत से ही परेड ग्राउंड में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. हर कोई इस खास मौके का गवाह बनने को उत्साहित नजर आया. मंच पर एक के बाद एक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया.
कलाकारों की प्रस्तुति ने बांधा समां
कार्यक्रम का संचालन उद्घोषक मुस्कान झा ने बेहद रोचक अंदाज में किया. उन्होंने शेरो-शायरी के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करते हुए पूरे कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा.
पटना की मशहूर गायिका शिखा सिंह राजपूत ने अपनी मधुर आवाज से माहौल को खास बना दिया. उन्होंने "शाम है धुंआ धुंआ", "तुझे देखा तो ये जाना सनम" और "चलते चलते मेरे ये गीत याद रखना" जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया.
वहीं गायक राकेश राज सानू ने भी अपने दमदार अंदाज में "चांद से पर्दा कीजिए" और "दिल दिया है जान भी देंगे ये वतन तेरे लिए" जैसे गीत गाकर देशभक्ति और रोमांस का रंग एक साथ घोल दिया. उनकी प्रस्तुति पर दर्शक देर रात तक तालियां बजाते रहे.
बच्चों ने दिखाई अपनी प्रतिभा
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें बच्चों ने समूह नृत्य, समूह गायन और लघु नाटिका के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. बच्चों की ऊर्जा और उत्साह ने पूरे माहौल को और भी जीवंत बना दिया.
ग्रुप डांस में बच्चों की तालमेल और भाव-भंगिमा ने सभी का दिल जीत लिया. वहीं समूह गायन में भी बच्चों ने अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों को प्रभावित किया.
विजेताओं को किया गया सम्मानित
स्थापना दिवस के मौके पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया.
समूह गायन में प्लस टू उच्च विद्यालय मेंहुस ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि करंडे विद्यालय दूसरे और एफनी विद्यालय तीसरे स्थान पर रहा.
समूह नृत्य में नन्हे कदम पब्लिक स्कूल शेखपुरा ने पहला स्थान प्राप्त किया. वहीं संस्कार पब्लिक स्कूल दूसरे और आम्रपाली कला केंद्र तीसरे स्थान पर रहे.
लघु नाटिका प्रतियोगिता में वी4 डांस एकेडमी शेखपुरा को प्रथम स्थान मिला. रिच लुक प्ले स्कूल दूसरे और प्लस टू उच्च विद्यालय एकाढ़ा तीसरे स्थान पर रहा.
प्रशासनिक अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस खास मौके पर जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे. इनमें डीडीसी राकेश कुमार, एडीएम लखेंद्र पासवान, एसडीओ प्रियंका कुमारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय कुमार, परिवहन पदाधिकारी बेबी कुमारी, जेल अधीक्षक लाल बाबू और जिला शिक्षा पदाधिकारी डॉ तनवीर आलम सहित अन्य अधिकारी शामिल थे.
समारोह ने जिले के सांस्कृतिक माहौल को नई ऊर्जा दी और यह संदेश भी दिया कि शेखपुरा में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. स्थापना दिवस का यह आयोजन लोगों के लिए लंबे समय तक यादगार बना रहेगा.
