Sheikhpura News : शेखपुरा जिले के ग्रामीण एवं सुदूर इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति अब जागरूकता हर व्यक्ति तक पहुंचेगा. इसे अभियान का स्वरूप देने के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर से ‘जांच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत जन जागरूकता रथ को रवाना किया गया. जिला पदाधिकारी शेखर आनंद ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया.
एक माह तक पंचायतों का भ्रमण करेगा रथ
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह जागरूकता रथ एक माह तक जिले की सभी पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण करेगा.
बीमारियों और योजनाओं की दी जाएगी जानकारी
रथ के माध्यम से लोगों को विभिन्न बीमारियों के लक्षण, बचाव, समय पर जांच एवं उपचार तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी.
ऑडियो-विजुअल और एलईडी की विशेष व्यवस्था
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए रथ में ऑडियो-विजुअल, प्रोजेक्टर एवं एलईडी की व्यवस्था की गई है.
लघु फिल्मों का होगा प्रदर्शन
इसके जरिए पंचायतों में स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा. लोगों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जाएगा.
अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य लाभ पहुंचाना प्राथमिकता
डीएम शेखर आनंद ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. जागरूकता के अभाव में छोटी बीमारी भी गंभीर रूप ले सकती है. यह रथ लोगों को समय पर जांच और इलाज के लिए जागरूक करेगा.
