Shiekhpura News : शेखपुरा में शराब तस्करी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. कोसुंभा थाना क्षेत्र के काशीचक मोड़ के पास वाहन चेकिंग के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने एक एंबुलेंस से 10 कार्टन विदेशी शराब बरामद की है. एंबुलेंस में मरीज की जगह शराब की खेप छिपाकर ले जाई जा रही थी. पुलिस को देखते ही चालक एंबुलेंस लेकर भागने लगा, लेकिन उत्पाद विभाग की टीम ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
उत्पाद थानाध्यक्ष सह उत्पाद निरीक्षक अमित आनंद ने बताया कि उत्पाद थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नवादा की ओर से एक एंबुलेंस में छिपाकर बड़ी मात्रा में विदेशी शराब शेखपुरा लाई जा रही है. सूचना मिलते ही टीम सतर्क हो गई.
इसके बाद उत्पाद विभाग की पुलिस टीम सादे कपड़ों में शेखपुरा और नवादा की सीमा के पास पहुंची और वहां घात लगाकर बैठ गई. इसी के साथ इलाके में वाहन चेकिंग अभियान भी शुरू किया गया. इसी दौरान नवादा की ओर से एक एंबुलेंस वहां पहुंची.
पुलिस को देखते ही एंबुलेंस लेकर भागा चालक
वाहन चेकिंग के दौरान जैसे ही उत्पाद विभाग की टीम ने एंबुलेंस को रोकने का प्रयास किया, चालक पुलिस को देखकर घबरा गया. उसने एंबुलेंस को पीछे की ओर मोड़ा और तेज रफ्तार में भागने लगा.
उत्पाद विभाग की टीम ने भी उसका पीछा शुरू कर दिया. करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने एंबुलेंस को रोक लिया और चालक को पकड़ लिया. गिरफ्तार चालक की पहचान लखीसराय जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के औरे गांव निवासी कारू राम के पुत्र प्रमोद कुमार के रूप में हुई है.
बाइक सवार लाइनरों ने छुड़ाने की कोशिश की
पुलिस के अनुसार, एंबुलेंस चालक को पकड़ने के दौरान बाइक पर सवार कुछ लाइनर भी मौके पर पहुंच गए. उन्होंने पुलिस टीम से उलझकर चालक को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन उनका प्रयास सफल नहीं हुआ.
इस दौरान पुलिस और लाइनरों के बीच नोंकझोंक भी हुई. हालांकि, उत्पाद विभाग की टीम ने स्थिति को संभालते हुए एंबुलेंस और चालक दोनों को अपने कब्जे में ले लिया और उन्हें उत्पाद थाना मुख्यालय लेकर पहुंची.
मरीज के बेड के नीचे छिपाकर रखी थी शराब
एंबुलेंस की तलाशी लेने पर पुलिस को पीछे मरीज के लिए बनाए गए बेड के नीचे शराब के कार्टन छिपे मिले. जांच के दौरान कुल 10 कार्टन में 239 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई.
उत्पाद विभाग ने एंबुलेंस और बरामद शराब को जब्त कर लिया है. अधिकारियों के अनुसार, एंबुलेंस का इस्तेमाल शराब की खेप को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए किया जा रहा था.
चालक से पूछताछ, प्राथमिकी दर्ज
मामले में उत्पाद थाना शेखपुरा में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस अब शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटा रही है.
गिरफ्तार चालक प्रमोद कुमार से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब तस्करी के इस नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: शेखपुरा के वार्ड 33 में 150 घरों की जलापूर्ति ठप, 3 साल में वाटर टावर पर नहीं चढ़ा पानी
