तरियानी मरहल्ला लूटकांड: तरियानी थाना क्षेत्र के मरहल्ला में 7 अगस्त को दुकान बंद कर घर लौट रहे युवक से हुई लूट और गोलीकांड में पुलिस ने एक और आरोपी को पकड़ा है. गिरफ्तार युवक की पहचान शिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के बेलाही लच्छी निवासी 18 वर्षीय सूरज कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
युवक को गोली मारकर लूटे थे मोबाइल और रुपये
7 अगस्त की घटना में बदमाशों ने सचिन कुमार को गोली मारकर घायल कर दिया था. इसके बाद उनके पास रखे 16 मोबाइल फोन और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद लूट लिये थे.
इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को मोटरसाइकिल और मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर चुकी है. अब सूरज कुमार की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या तीन हो गयी है.
बाकी आरोपियों की तलाश जारी
तरियानी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए भी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें:
बाल विवाह रोकने के लिए घर-घर पहुंचा अभियान, कमजोर परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल
