Sheohar News: शिवहर जिले के डुमरी कटसरी प्रखंड के झिटकाही गांव में नदी में डूबने से 10 वर्षीय बच्ची की मौत के बाद समाजसेवी अनीश झा ने पीड़ित परिवार की मदद के लिए हाथ बढ़ाया. बुधवार को उन्होंने गांव पहुंचकर मृत बच्ची शीलमतिया की मां जलसिया देवी से मुलाकात की, उन्हें सांत्वना दी और आर्थिक सहायता प्रदान की.
तीन दिन पहले हुआ था दर्दनाक हादसा
बताया गया कि झिटकाही ग्राम के वार्ड संख्या-15 निवासी स्वर्गीय निलेश मांझी की 10 वर्षीय पुत्री शीलमतिया की तीन दिन पहले नदी में डूबने से मौत हो गई थी. हादसे के बाद परिवार गहरे सदमे में है. बच्ची के पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बताई जा रही है.
पीड़ित परिवार को दी आर्थिक सहायता
समाजसेवी अनीश झा ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और जलसिया देवी को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई. उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में समाज को जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए.
सरकार से शीघ्र सहायता देने की मांग
अनीश झा ने कहा कि मृत बच्ची का परिवार अत्यंत गरीब है और परिवार के मुखिया का भी पहले ही निधन हो चुका है. ऐसे में सरकार द्वारा मिलने वाली आर्थिक सहायता जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को राहत मिल सके. उन्होंने प्रशासन से मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए आवश्यक सहायता दिलाने की भी अपील की.
यह भी पढे़ं: शिवहर: देकुली धाम में गुरु पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, बाबा भुवनेश्वरनाथ का हुआ जलाभिषेक
