Sheohar News: जिले के मथुरापुर कहतरवा पंचायत अंतर्गत कहतरवा गांव के वार्ड संख्या-03 में नल-जल योजना से सप्लाई हो रहे पानी में कीड़ा निकलने की शिकायत सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई है. सामाजिक कार्यकर्ता सह युवाराज के नेता आर्यन चौहान ने मामले को गंभीर बताते हुए अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. अनंत कुमार से दूरभाष पर बात कर शीघ्र जांच और कार्रवाई की मांग की है.
कहतरवा गांव में दूषित पानी मिलने की शिकायत
आर्यन चौहान ने बताया कि वार्ड संख्या-03 के लोगों ने नल-जल योजना के तहत आपूर्ति हो रहे पानी में कीड़ा निकलने की शिकायत की है. उन्होंने कहा कि यह मामला सीधे लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा है, इसलिए इसकी तत्काल जांच कर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए.
नल-जल योजना के संचालन पर उठाए सवाल
उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी टीम पिछले एक वर्ष से जिले की विभिन्न पंचायतों में जनसमस्याओं को उठाकर समाधान कराने का प्रयास कर रही है. इसके बावजूद कई गांवों में नल-जल योजना अपेक्षित रूप से संचालित नहीं हो रही है और शिकायतों के बाद भी स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है.
एसडीओ से की त्वरित कार्रवाई की मांग
सामाजिक कार्यकर्ता ने अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. अनंत कुमार से दूरभाष पर बात कर पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने प्रशासन से पानी की गुणवत्ता की जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की.
ग्रामीणों में स्वास्थ्य को लेकर बढ़ी चिंता
ग्रामीणों का कहना है कि यदि नल-जल योजना के माध्यम से दूषित पानी की आपूर्ति होती रही तो लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है. उन्होंने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: बिहार कैबिनेट की बैठक खत्म, 19 जिलों में खुलेंगे स्पेशल कोर्ट, मुंगेर-राजगीर को मिला तोहफा
