शिवहर लाया गया नीतेश पूछताछ में कई खुलासे
शिवहर : शिवहर पुिलस को न्यायालय से मिले ट्रांजिट रिमांड के तहत आजाद हिंद फौज के स्वयंभू अध्यक्ष नीतेश सिंह को शुक्रवार को शिवहर लाया गया. पूछताछ में उसने पुलिस को कई अहम जानकारियां दी है. इधर नीतेश से सीतामढ़ी, मोतिहारी व मुजफ्फरपुर की पुलिस भी पूछताछ कर सकती है.
एसपी प्रकाश नाथ मिश्र ने पत्रकारों को बताया कि नीतेश के तार नेपाल से जुड़े हैं. आजाद हिंद फौज के गठन का सूत्र नेपाल से जुड़ा है. नेपाल के मिरचाई साह व नरसिंह साह कर्नल ने ही आजाद हिंद फौज का गठन किया. दोनों काठमांडू के रहनेवाले हैं. दोनों से नीतेश की मुलाकात नेपाल के वीरगंज में हुई. संगठन द्वारा शिवहर,सीतामढ़ी, मोतिहारी व मुजफ्फरपुर में अलग अलग जिला प्रभारी बनाये गये. इसमें नीतेश शिवहर का प्रभारी था. सीतामढ़ी का प्रभारी लालबिहारी व मोतिहारी का मनोज सिंह को बनाया गया. नितेश ने कई नामचीन व्यक्तियों से अपनी नजदीकी संबंध के बारे में जानकारी दी है. वहीं जिला परिषद अध्यक्ष के चुनाव में पैसों की हुई भारी खेल को भी उजागर किया है.
पुलिस को दिये गये बयान में उसने कहा है कि जिला परिषद अध्यक्ष के चुनाव में धनकौल मुखिया ने एक सदस्य को मैनेज करने के लिए पांच लाख का आश्वासन दिया. जिसे मुखिया ने स्वयं रख लिया. उसे राशि प्राप्त नहीं हुई. कहा कि यह लेन देन की बात जिले के एक पुराने नेता के घर पर हुई.
उसने संरक्षण देनेवाले कई नेताओं के नाम का खुलासा किया है. उसने शिवहर मंडल कारा में बंद जिला परिषद सदस्य श्रीनारायण सिंह से भी संबंध होने की बात कही है. वहीं एक हत्या के मामले व जिला परिषद चुनाव के बाद दोनों के बीच उत्पन्न खटास व मनमुटाव की भी बात को कबूल किया है. उसने बनारस में छिप कर रहनेवाले एक अन्य साथी के साथ गिरोह के अन्य साथियों के नाम का भी खुलासा पुलिस के सामने किया है.
एसपी ने बताया कि लखनऊ में एक सफेद सफारी गाड़ी यूपी 32-6644 में यह अलख सिंह के साथ बैठा था.अलख सिंह जिले के वरीय नेता जगदीशपुर कोठियां निवासी अंगेश कुमार सिंह उर्फ अंगराज का भाई है. नीतेश 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी है. उस पर इनाम घोषित करने की अनुशंसा सरकार से एसपी प्रकाश नाथ मिश्र ने की थी. हालांकि शिवहर पुलिस उसकी गिरफ्तारी पर दिये जानेवाले इनाम के लिए दावा नहीं करेगी.
एसपी ने कहा कि शिवहर पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया था. गिरफ्तारी के समय शिवहर पुलिस मौजूद नहीं थी. प्रेस वार्ता के दौरान एसपी अभियान मुजफ्फरपुर राणा ब्रजेश, एसडीपीओ प्रीतीश कुमार, नवपदस्थापित डीएसपी नगर जगदानंद ठाकुर, एसएसबी के कमांडेंट उमाशंकर पटेल, तरियानी थानाध्यक्ष गोरख राम, पिपराही थानाध्यक्ष सुजीत कुमार समेत कई मौजूद थे.
