सासाराम: चार साल से अकबरपुर में विकास को तरसा वार्ड, पार्षद ने अपने खर्च से कराई सड़क-पुलिया की मरम्मत

अकबरपुर नगर पंचायत में चार साल से विकास कार्यों की कमी से लोग नाराज़ हैं. वार्ड पार्षद आकिब जावेद खान ने अपने निजी खर्च से खराब सड़कों और टूटी पुलिया की मरम्मत कराकर लोगों को राहत दी है. इस पहल से स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं.

सासाराम के अकबरपुर नगर पंचायत में पिछले चार वर्षों से विकास कार्यों की स्थिति को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. नगर पंचायत के वार्ड नंबर 12 में रेलवे लाइन के पास सड़क खराब होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी. लोगों की समस्या को देखते हुए वार्ड पार्षद आकिब जावेद खान ने अपने स्तर से पहल करते हुए सड़क पर मोरम डलवाकर उसकी मरम्मत कराई. इसके बाद लोगों को आने-जाने में कुछ राहत मिली है.

वार्ड पार्षद का कहना है कि नगर पंचायत की ओर से लंबे समय से जरूरी काम नहीं कराए जा रहे हैं. ऐसे में आम लोगों की परेशानी को देखते हुए वे अपनी क्षमता के अनुसार कई छोटे-बड़े कार्य श्रमदान और निजी खर्च से कराने का प्रयास कर रहे हैं.

रहमताबाद में एक साल से टूटी थी पुलिया

इससे पहले वार्ड नंबर 7 के रहमताबाद इलाके में भी लोगों को करीब एक वर्ष से टूटी पुलिया के कारण परेशानी झेलनी पड़ रही थी. पुलिया की खराब स्थिति के कारण स्थानीय लोगों के आवागमन में दिक्कत होती थी और बारिश के दिनों में समस्या और बढ़ जाती थी.

स्थानीय लोगों की परेशानी को देखते हुए पार्षद आकिब जावेद खान ने अपने निजी खर्च से पुलिया की मरम्मत कराई. मरम्मत के बाद लोगों को आवागमन में राहत मिली है. पार्षद की ओर से इससे पहले भी वार्ड में कई छोटे-बड़े काम अपने खर्च से कराए जाने की बात कही गई है.

चार साल में कई कार्यपालक पदाधिकारी आए

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले चार वर्षों के दौरान नगर पंचायत में चार से अधिक कार्यपालक पदाधिकारी आए और अलग-अलग अवधि में अपनी जिम्मेदारी संभाली, लेकिन शहर में विकास कार्यों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ. लोगों का कहना है कि कई वार्डों में सड़क, नाला और जलजमाव जैसी समस्याएं लगातार बनी हुई हैं.

विकास को लेकर सवाल

नगर पंचायत में अधिकारियों के लगातार बदलने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है. स्थानीय लोग जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ नगर पंचायत के अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठा रहे हैं.

सड़क पर धान की रोपनी कर जताया था विरोध

मंगलवार को वार्ड नंबर 11 में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों ने अनोखे तरीके से विरोध जताया था. लोगों ने सड़क पर जमा पानी और कीचड़ के बीच धान की रोपनी कर अधिकारियों के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया. उनका कहना था कि लगातार बारिश के कारण सड़क की स्थिति और खराब हो गई है और लोगों को रोजाना आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >