नगर पंचायत दिनारा के लोग जलजमाव से परेशान, आंदोलन की दी चेतावनी, हर साल हल्की बारिश में डूब जाता

दिनारा नगर पंचायत के वार्ड 8 और 9 में जलजमाव से लोग त्रस्त हैं। 4 साल बाद भी जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं होने से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

Rohtas News : नगर पंचायत दिनारा के वार्ड संख्या 8 और 9 में बारिश के बाद जलजमाव की समस्या एक बार फिर लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है. थोड़ी सी बारिश होते ही घरों, गलियों और मुख्य सड़कों पर पानी भर जाता है. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को घंटों तक जलभराव का सामना करना पड़ता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत का गठन हुए करीब चार वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया.

घरों और गलियों में भर जाता है एक से दो फीट पानी

वार्डवासियों के अनुसार बारिश रुकने के बाद भी घरों और गलियों में एक से दो फीट तक पानी जमा रहता है. पानी निकालने के लिए लोगों को पंपसेट चलाना पड़ता है या बाल्टी से घंटों मेहनत करनी पड़ती है. इससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है.

बीमारियों और जहरीले जीवों का बढ़ा खतरा

स्थानीय निवासी धर्मेंद्र कुमार सिंह, नरेंद्र गुप्ता, काली चरण गुप्ता, जितेंद्र कुमार, डब्लू कुमार और रणजीत कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि गंदे पानी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. जलजमाव की वजह से घरों में सांप, बिच्छू, कीड़े-मकोड़े और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर सबसे अधिक असर पड़ रहा है.

कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार वार्ड पार्षद और नगर पंचायत के अधिकारियों को आवेदन दिया गया. मौखिक रूप से भी कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन बाद में जनप्रतिनिधि और अधिकारी समस्या की अनदेखी करते हैं.

समाधान नहीं हुआ तो होगा प्रदर्शन

वार्डवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से पक्की नालियों का निर्माण और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो नगर पंचायत कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया जाएगा.

मुख्य पार्षद ने दिया जल्द काम शुरू होने का भरोसा

नगर पंचायत दिनारा की मुख्य पार्षद किरण देवी ने बताया कि बीच में कुछ प्रशासनिक और तकनीकी परेशानियां थीं, लेकिन अब वे दूर हो चुकी हैं. उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या 8 और 9 में बहुत जल्द जल निकासी से संबंधित कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि लोगों को बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >