VKSU UG Admission 2026 : वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय (वीकेएसयू), आरा ने स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन से वंचित छात्र-छात्राओं को एक और मौका दिया है. विश्वविद्यालय ने 25 जुलाई तक चयनित कॉलेजों में दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन और शुल्क जमा कर नामांकन कराने की अनुमति दी है. इससे समय पर एडमिशन नहीं ले सके छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी.
25 जुलाई तक मिलेगा नामांकन का अवसर
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, जिन छात्र-छात्राओं का चयन हो चुका है लेकिन वे निर्धारित समय सीमा के भीतर नामांकन नहीं करा सके, वे अब 25 जुलाई तक अपने चयनित कॉलेज में जाकर आवश्यक प्रमाण-पत्रों का भौतिक सत्यापन कराकर निर्धारित शुल्क जमा कर एडमिशन ले सकते हैं.
ऑनलाइन आवेदन में गलती वालों को भी राहत
अध्यक्ष, छात्र कल्याण कार्यालय ने बताया कि जिन छात्रों के ऑनलाइन आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि रह गई है, उन्हें भी नामांकन का अवसर दिया जाएगा. ऐसे छात्रों को चयनित महाविद्यालय में शुल्क जमा करने के बाद दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा. सत्यापन पूरा होने पर उनका नामांकन स्वीकार किया जाएगा.
तकनीकी दिक्कतों से परेशान छात्रों को मिला फायदा
हाल के दिनों में समर्थ पोर्टल पर शुल्क भुगतान और आवेदन प्रक्रिया के दौरान तकनीकी समस्याओं के कारण कई छात्र समय पर नामांकन नहीं करा सके थे. विश्वविद्यालय ने छात्रों के हित में यह विशेष निर्णय लेते हुए सुनिश्चित किया है कि कोई भी पात्र अभ्यर्थी केवल तकनीकी कारणों से एडमिशन से वंचित न रहे.
कॉलेजों को भी दिए गए आवश्यक निर्देश
वीकेएसयू प्रशासन ने सभी अंगीभूत, नवस्थापित अंगीभूत और संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों को नामांकन का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखने का निर्देश दिया है. जरूरत पड़ने पर संबंधित आंकड़े विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराने होंगे. छात्रों से भी निर्धारित समय के भीतर हर हाल में नामांकन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है.
