Kaimur Guptadham Yatra: बाबा गुप्तेश्वरनाथ के जलाभिषेक के लिए बक्सर से गंगाजल लेकर गुप्ताधाम की ओर बढ़ रहे कांवरियों की सेवा में ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता जगह-जगह जुटे हैं. लंबी पैदल यात्रा से थके कांवरियों को रास्ते में पानी, भोजन, दवा और विश्राम के साथ सेवा भाव से हाथ-पैर दबाकर राहत दी जा रही है. सेवा की यह तस्वीर श्रद्धालुओं के प्रति स्थानीय लोगों की आस्था और समर्पण को दर्शा रही है.
इसी क्रम में पेवंदी पंचायत के मुखिया प्रत्याशी धर्मेंद्र रजक उर्फ धर्मेंद्र बैठा और प्रखंड क्षेत्र के समाजसेवी विकास यादव उर्फ सोनू यादव रास्ते में कांवरियों के हाथ-पैर दबाकर उनकी थकान दूर करते नजर आए. दोनों ने कहा कि कांवरियों की सेवा को वह बाबा भोलेनाथ की सेवा मानते हैं. कठिन यात्रा में श्रद्धालुओं को थोड़ी भी राहत मिलती है तो इससे बड़ी खुशी उनके लिए कुछ नहीं है.
जगह-जगह मिल रही सेवा
कांवरिया समिति के सदस्य भी सेवा कार्य में लगे हैं. रास्ते में श्रद्धालुओं के बीच आवश्यक दवाओं का वितरण किया जा रहा है. ग्रामीणों की ओर से जगह-जगह पेयजल, भोजन और विश्राम की व्यवस्था की गई है. बक्सर से जल लेकर लौट रहे कांवरियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सेवा शिविरों में स्वयंसेवक लगातार मौजूद हैं.
समाजसेवी धर्मेंद्र रजक ने कहा कि कांवरिया भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए कठिन यात्रा कर रहे हैं. ऐसे में उनकी सेवा करना हम सभी का सौभाग्य है. रास्ते में थकान से परेशान श्रद्धालुओं के हाथ-पैर दबाने और पानी-पेयजल उपलब्ध कराने से उन्हें काफी राहत मिल रही है. उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को भी आगे बढ़कर कांवरियों की सेवा करनी चाहिए.
समाजसेवी कृष्णा सिंह ने कहा कि कांवरियों की सेवा में ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बन रहा है. जगह-जगह लोग अपने स्तर से भोजन, पानी और दवा की व्यवस्था कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा में सहयोग करना ही सेवा का सबसे बड़ा उद्देश्य है.
पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं के जलाभिषेक की उम्मीद
कमेटी अध्यक्ष अनुपम चौबे ने बताया कि सावन की तीसरी सोमवारी पर गुप्ताधाम में पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं के जलाभिषेक करने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि दो दिन पूर्व बुधवार को स्थानीय विधायक मुरारी प्रसाद गौतम ने श्रद्धालुओं के जत्थे को बक्सर के लिए रवाना किया था. बक्सर से गंगाजल लेकर कांवरिया अब पैदल गुप्ताधाम की ओर बढ़ रहे हैं.
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कमेटी के सदस्य रास्ते में लगातार सेवा कार्य में जुटे हैं. ग्रामीणों का सहयोग भी लगातार मिल रहा है. उन्होंने कहा कि कांवरियों की सेवा के लिए जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा पेयजल और भोजन की व्यवस्था की गई है. दवा और प्राथमिक उपचार की भी व्यवस्था रखी गई है, ताकि थकान या छोटी-मोटी परेशानी होने पर श्रद्धालुओं को तत्काल राहत मिल सके. सेवा शिविरों में स्वयंसेवक दिन-रात अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
