Rohtas News : रोहतास जिला के नोखा प्रखंड मुख्यालय स्थित बीडीओ कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शेफाली की अध्यक्षता में कार्यपालक सहायकों एवं पंचायत सेवकों की बैठक आयोजित की गई. बैठक में 26 जुलाई को पंचायत भवन एवं पंचायत सरकार भवनों में आयोजित होने वाले ग्राम पंचायत विकास शिविर की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा सफल आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
गांव में ही मिलेगा समस्याओं का समाधान बैठक में बीडीओ ने बताया कि प्रखंड की सभी पंचायतों में ग्राम पंचायत विकास शिविर आयोजित किए जाएंगे. इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का गांव में ही समाधान करना, विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा विकास कार्यों में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाना है. उन्होंने कहा कि शिविर में ग्रामीण अपनी समस्याओं के साथ-साथ विकास संबंधी सुझाव भी दे सकेंगे.
जीपीडीपी में शामिल होंगे ग्रामीणों के सुझाव बीडीओ ने कहा कि शिविर में प्राप्त सुझावों को ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) में शामिल कर स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की जाएगी. इससे पंचायत स्तर पर योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा.
व्यापक प्रचार-प्रसार और बेहतर व्यवस्था के निर्देश उन्होंने कार्यपालक सहायकों एवं पंचायत सेवकों को निर्देश दिया कि शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करें. साथ ही प्राप्त शिकायतों, आवेदनों एवं सुझावों का विधिवत पंजीकरण कर संबंधित विभागों के समन्वय से समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. पंचायत भवनों में पेयजल, बैठने की व्यवस्था, आवश्यक अभिलेख एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए गए.
तैयारियों पर हुई विस्तृत समीक्षा बैठक में पंचायत स्तर की तैयारियों, जनप्रतिनिधियों के सहयोग तथा शिविर को प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. सभी कर्मियों से पूरी जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया गया.
