कोचस में गैस किल्लत पर बवाल, उपभोक्ताओं ने दो घंटे तक स्टेट हाइवे किया जाम

प्रशासनिक दावों के उलट धरातल पर संकट, अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का भरोसा

प्रदर्शन.

होम डिलिवरी नहीं होने से भड़के उपभोक्ता, गैस एजेंसी के खिलाफ जमकर की नारेबाजी

बिना सिलिंडर मिले ही मोबाइल पर आया डिलिवरी मैसेज, सब्सिडी भी खाते में पहुंची

प्रशासनिक दावों के उलट धरातल पर संकट, अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का भरोसा

फोटो-2-गैस एजेंसी के समीप सड़क जाम करते उपभोक्ता प्रतिनिधि, कोचस

नगर पंचायत के बक्सर रोड स्थित मां मुंडेश्वरी एचपी गैस एजेंसी पर सोमवार सुबह दर्जनों उपभोक्ताओं ने गैस नहीं मिलने पर जमकर हंगामा किया. आक्रोशित लोगों ने सासाराम-चौसा स्टेट हाइवे 17 को करीब दो घंटे तक जाम रखा और पुलिस-प्रशासन व एजेंसी संचालक के विरुद्ध नारेबाजी की. इससे सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया. अनुप कुमार, रिंकु देवी, पिंटू पासवान, गोविंद गुप्ता, कौशल्या देवी, अनिल सिंह, सोनू कुमार, बहादुर सिंह, दिलीप कुमार, सोनी कुमारी, अशोक तिवारी, सतीश पांडेय, श्रवण तिवारी सहित अन्य उपभोक्ताओं का आरोप है कि मोबाइल से बुकिंग के बावजूद उन्हें गैस नहीं मिली, जबकि मोबाइल पर डिलिवरी का मैसेज प्राप्त हो गया है. कई उपभोक्ताओं के बैंक खाते में सब्सिडी की राशि भी भेज दी गयी है. उपभोक्ताओं ने बताया कि मार्च के प्रथम सप्ताह में ही बुकिंग करायी गयी थी. एजेंसी ने वितरण की तिथि तय कर दर्जनों लोगों के पासबुक भी जमा कर लिए, लेकिन स्पष्ट जानकारी नहीं दी गयी. स्थिति बिगड़ने पर भड़के लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया. सूचना मिलते ही बीडीओ चंद्रभूषण गुप्ता, अपर थानाध्यक्ष बबलू कुमार और एएसआइ मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया, जिसके बाद यातायात बहाल हुआ.

निर्देश के बाद भी रसोई गैस की होम डिलिवरी

नहीं

उपभोक्ताओं के अनुसार, प्रशासन के दावों के बावजूद प्रखंड में 20 हजार से अधिक लोग रसोई गैस के लिए परेशान हैं. अधिकारियों की दबिश के बाद भी एजेंसियां होम डिलिवरी नहीं कर रही हैं. दो सप्ताह पूर्व बुकिंग और डीएससी नंबर आने के बाद भी सिलिंडर घर नहीं पहुंच रहा है. उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि स्टॉक होने के बावजूद संचालक द्वारा गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी की जा रही है. हैरानी की बात है कि प्रशासन पर्याप्त स्टॉक का दावा कर रहा है, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके विपरीत है.

क्या कहते हैं अधिकारी

इस संबंध में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सुरभि राज ने बताया कि क्षेत्र में गैस की किल्लत नहीं है. संचालकों को एजेंसी पर भीड़ न लगाने और होम डिलिवरी देने का सख्त निर्देश दिया गया है. नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ANURAG SHARAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >