Rohtas News : रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव में रविवार की रात खेत से मोटर पंप चोरी करने पहुंचे दो युवकों को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. चोरी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली गई है.
सिंचाई के दौरान चुराया जा रहा था मोटर पंप
पीड़ित किसान पंकज कुमार ने थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि वह अपने खेत की सिंचाई के लिए मोटर पंप चला रहे थे. इसी दौरान नटवार थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव निवासी लालू कुमार और चितरंजन कुमार सेक्शन पाइप काटकर मोटर पंप बाइक पर लादकर भागने लगे.
ग्रामीणों ने पीछा कर दोनों को दबोचा
मोटर चोरी की भनक लगते ही शोर मचाया गया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों ने पीछा कर दोनों आरोपितों को मोटर पंप सहित पकड़ लिया और तत्काल दिनारा थाना पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने मौके से सुपर स्प्लेंडर बाइक (BR 24 H XX39) भी जब्त कर ली.
एफआईआर दर्ज, दोनों आरोपी जेल भेजे गए
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि पीड़ित किसान के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. दोनों आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
