Sasaram News : धार्मिक स्थलों के विकास के लिए सबसे ज्यादा पैसा दिया रोहतास जिले को : मंत्री

तुतला भवानी धाम में रविवार को वन व पर्यावरण मंत्री डॉ सुनील कुमार ने 1189. 87 लाख रुपये की कई योजनाओं का शिलान्यास किया.

तिलौथू. तुतला भवानी धाम में रविवार को वन व पर्यावरण मंत्री डॉ सुनील कुमार ने 1189. 87 लाख रुपये की कई योजनाओं का शिलान्यास किया. तुतला भवानी धाम पहुंचते ही मंत्री ने सबसे पहले माता रानी के चौखट पर मत्था टेका, इसके बाद दीप जला कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. सीएफ सत्यजीत कुमार ने वन मंत्री को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया. फिर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद जन समूह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि हम यहां पर 29 दिसंबर को आये थे. इसके बाद मुझे यह नहीं पता था कि मुझे इसी विभाग का मंत्री बना दिया जायेगा और मां तुतला भवानी की कृपा हुई, मैं 26 फरवरी को वन व पर्यावरण मंत्री के पद पर आसीन हुआ. मंत्री बनने के बाद हमने वन क्षेत्र धार्मिक स्थलों के विकास के लिए सबसे ज्यादा पैसा रोहतास जिले को दिया है. उन्होंने कहा डेहरी के एनीकट में पार्क निर्माण के लिए 11 करोड रुपये दिया गया. भलुनी भवानी धाम में 15 करोड़ रुपये दिये गये हैं. दुर्गावती जलाशय से बड़ा इस बिहार में कोई जलाशय नहीं है. जहां मैंने क्रूज बोट डाल दिया है. इसमें पूरा एक परिवार रात बिता सकता है. वाशरूम, किचेन की भी व्यवस्था है. मां तुतला भवानी धाम में पहले से एक झूला पुल है. मैं एक और झूला पुल बना रहा हूं, ताकि एक झूला पुल पर भीड़ हो जाती थी. एक झूला पुल से लोग आयेंगे और दूसरे झूला पुल से लोग जायेंगे. माता के गर्भ गृह में जाने के लिए जो सीढ़ी है, उसे तोड़कर चौड़ीकरण कराऊंगा और उसमें अच्छा टाइल्स लगवाऊंगा. मंदिर परिसर में मात्र 10 लोग या 15 लोग खड़ा हो सकते हैं, उसका जीर्णोद्धार कर उसे विस्तार रूप दिया जायेगा, ताकि 100 लोग वहां पर खड़ा हो सके. नीचे जल कुंड की बगल में चेंजिंग रूम व बाथरूम बनेगा. मां तुतला भवानी गेट से झूला पुल तक जाने में काफी दूरी पड़ती है. गर्मी व ठंडे के दिनों में लोगों को जाने में परेशानी होती है. इसके लिए बीच-बीच में ठहराव शेड बनाऊंगा, ताकि लोग बैठ सके और इंटरटेनमेंट कर सके. नाश्ता का उत्तम प्रबंध के लिए कैटरिंग भी खुलवाऊंगा. गुप्ताधाम में होगी ऑक्सीजन की व्यवस्था मैंने गुप्ता धाम जाकर भी देखा, काफी परेशानी थी. वहां के लिए 15 करोड़ रुपये की योजना बनाया हूं. वहां पर ऑक्सीजन की व्यवस्था की जायेगी. ड्रेन भी बनवाया जायेगा तथा टीवी स्क्रीन लगाया जायेगा. नागरिक सुविधा केंद्र भी वहां खोला जायेगा. उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भविष्य की चिंता करते हैं. उनका सपना है भारत को विकसित राष्ट्र बनाना. बिहार में 4 करोड़ 24 लाख पेड़ लगाया गया. सेवा पर्व के दौरान जो 17 सितंबर से दो अक्तूबर तक चलेगा, इस अभियान के तहत अभी तक 80 लाख पौधारोपण बिहार में किया जा चुका है. किसान बान योजना के तहत 10 रुपये में किसानों को पौधा उपलब्ध कराया जा रहा है. आप 5 साल पहले देखे होंगे कि कहीं बाढ़ या कहीं सुखाड़ रहती थी. अब पर्याप्त बारिश भी हो रही है. बिहार में पेड़ लगाने और हरियाली का यह नतीजा है. लोगों से पेड़ लगाने का आह्वान वहीं, आये सभी अतिथियों का डीएफओ मनीष कुमार वर्मा ने अगवानी करते हुए अंग वस्त्र देखकर सम्मानित किया तथा लोगों से एक पेड़ लगाने का आह्वान भी किया. कार्यक्रम का संचालन शिक्षक विकास चौहान ने किया. इस मौके पर रेंज ऑफिसर दीपक कुमार सिंह, वनपाल सुमित कुमार, वनरक्षी भीम कुमार, मनीष कुमार, राकेश दास, सतानंद कुमार, लाल बाबू, महिला वनरक्षी शारदा कुमारी, संध्या कुमारी, टिंकल कुमारी, भाजपा नेता महेंद्र ओझा, शशि भूषण प्रसाद, शीला सिंह कुशवाहा, पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद, युवा मोर्चा के अभिषेक कुमार, मां तुतला धाम सोशल मीडिया प्रभारी वरुण राजपूत, मां तुतला धाम विकास समिति के अध्यक्ष गुरु चरण यादव, सचिव धर्मेंद्र सिंह, डॉ उपेंद्र सिंह, विश्वजीत कुमार इत्यादि लोग उपस्थित थे. तूतालेश्वरी महोत्सव पर मंत्री ने नहीं की चर्चा जब वन मंत्री डॉ सुनील कुमार से यह पूछा गया कि जैसे जिले के पर्यटन स्थल गुप्ता धाम, शेरशाह सूरी व मुंडेश्वरी में मुंडेश्वरी महोत्सव, गुप्ता धाम महोत्सव, शेरशाह सूरी महोत्सव मनाया जाता है, उसी प्रकार तिलौथू प्रखंड क्षेत्र की जनता की मांग है कि सरकारी कोटा से मां तुतलेश्वरी महोत्सव भी मनाया जाये. इस पर मंत्री ने सीधे कन्नी काटते हुए कहा कि जो आप लोग सवाल कर रहे हैं, इसका मैं डॉक्टर नहीं हूं यानी कि उनका कहना था कि यह पर्यटन विभाग की चीज है. यह कहकर मंत्री जी चलते बने. मंत्री के इस बयान से मां तुतला धाम विकास समिति व स्थानीय लोगों में काफी निराशा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhanjay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >