पंचायत स्तर से जिले तक चैनल बनाकर होगा शिकायतों का समाधान

जनता दरबार में डीएम ने सुनी समस्याएं, तीन मिशन मोड कार्यों की दी जानकारी

अकोढ़ीगोला. प्रखंड मुख्यालय परिसर में बुधवार को डीएम उदिता सिंह ने जनता दरबार का आयोजन किया. डीएम ने जनप्रतिनिधियों व आमलोगों की शिकायतें और समस्याएं सुनीं. उन्होंने कहा कि जिले में विकास योजनाओं के साथ तीन कार्य मिशन मोड में चलाये जा रहे हैं. लोगों की शिकायतों व समस्याओं के निदान के लिए प्रत्येक पंचायत भवन पर सप्ताह में दो दिन अधिकारी समस्या सुनकर समाधान का प्रयास करेंगे. यदि पंचायत स्तर पर समाधान नहीं हो पाता है, तो समस्या प्रखंडस्तर पर जायेगी. वहां भी समाधान नहीं होने पर मामले को जिलास्तर पर अग्रतर किया जायेगा. एक चैनल के तहत कार्य कर लोगों की समस्याओं के निदान का प्रयास किया जायेगा. इन आयोजनों में पंचायत प्रतिनिधि भाग लें, जिससे समस्याओं के समाधान में सहयोग मिल सके. किसानों से फार्मर रजिस्ट्रेशन कराने की अपील डीएम ने दूसरे मिशन के तहत फार्मर रजिस्ट्रेशन पर जोर देते हुए कहा कि सभी किसानों का पंजीकरण कराया जाना चाहिए, ताकि सरकार के पास किसानों का सही आंकड़ा उपलब्ध हो सके और सरकारी सहायता देने में सुविधा हो. इससे किसानों को काफी लाभ मिलेगा. तीसरे मिशन के तहत उन्होंने बताया कि जिले की सभी महिलाओं को मार्च तक साक्षर बनाने की योजना है. कामकाजी और अशिक्षित महिलाओं के लिए विशेष कार्यक्रम चलाया जा रहा है. काव नदी की बाढ़ रोकने के लिए किया जायेगा काम जनप्रतिनिधियों की समस्याओं पर डीएम ने कहा कि काव नदी की बाढ़ रोकने के लिए काम किया जायेगा. पैक्स के सीसी की राशि का 60 फीसदी छोड़ा गया है. दो दिनों में पैक्स को मिल का टैगिंग कर दिया जायेगा. विशेष ध्यान रहेगा कि पैक्स के नजदीक वाले मिल से ही टैगिंग हो. किसानों की खाद की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि यह जिला ही नहीं, बल्कि राज्य स्तरीय समस्या है और नीतिगत फैसले के बाद समाधान होगा. गेहूं के बीज के अंकुरित नहीं होने की शिकायत पर उन्होंने कहा कि बिना जांच बीज का वितरण गलत है, इससे किसानों को नुकसान हुआ है और इस मामले में कार्रवाई होगी. गर्मी को देखते हुए नल-जल की शिकायतें बीडीओ तक पहुंचाने को कहा, ताकि समय रहते दुरुस्त कराया जा सके.डीडीसी विजय कुमार पांडेय ने कहा कि काव नदी से पांच पंचायतें प्रभावित होती हैं. अगले वित्तीय वर्ष में जीविजीरामजी योजना से तटबंधों की मरम्मती करायी जायेगी. सरपंचों के सवाल पर उन्होंने बताया कि सरपंच का समन तमिला चौकीदार के माध्यम से कराया जायेगा. पंचायतों में 25 लाख की लागत से बनेगा एक-एक विवाह मंडप सरकार की योजना के तहत राज्य के सभी पंचायतों में 25 लाख की लागत से एक-एक विवाह मंडप बनाया जायेगा. उन्होंने परिसर में सामुदायिक स्वच्छता परिसर का फीता काटकर उद्घाटन भी किया. इस दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय, बीडीओ रवि रंजन, सीओ निधि ज्योत्सना निधि समेत कई अधिकारी मौजूद रहे. पंचायत प्रतिनिधियों ने रखीं मांगें मुखिया धर्मेंद्र चौधरी ने पंचायत सरकार भवन तेतराढ के लिए सरकारी जमीन आवंटन की मांग की. बाधाखोह मुखिया रामप्रवेश सिंह ने काव नदी के जल निकासी की व्यवस्था और खेल मैदान की मांग रखी. राजद प्रखंड अध्यक्ष बेशलाल लाल यादव ने सांप काटने और नदी में डूबे लोगों को सहायता राशि मिलने में देरी का मुद्दा उठाया. पूर्व मुखिया हरेराम सिंह यादव ने एनएच रोड निर्माण में अधिग्रहित जमीन का उचित मुआवजा देने की मांग की. नंदलाल कुमार ने जमीन परिमार्जन में देरी का सवाल उठाया. सरपंच उदय प्रताप सिंह ने कहा कि तीन वर्षों से सरपंच का कंटिन्जेंसी राशि भुगतान बंद है. पैक्स अध्यक्ष रामेश्वर उपाध्याय ने धान खरीद के बाद भी मिल टैगिंग नहीं होने की शिकायत की. बनारसी कुशवाहा ने अकोढ़ीगोला में नहरों के दोनों तरफ सामुदायिक शौचालय निर्माण की मांग की. अन्य लोगों ने सामुदायिक भवन और गोपीगढ़ में नाली के पानी से फसल नुकसान की बात रखी. डीएम ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का किया निरीक्षण जनता दरबार के दौरान आमजनों की समस्याएं सुनने में आपाधापी की स्थिति रही. पहले अधिकारियों ने फरियादियों की सूची बना ली थी. बाद में पहुंचे फरियादियों को पुलिस बल ने गेट पर ही रोक दिया. फरियादी सहजुन खातून, अमरीकी खातून आदि ने बताया कि वे भूमिहीन हैं और नहर किनारे कच्चा मकान बनाकर रहते हैं. वे जमीन और पक्का मकान की मांग को लेकर डीएम से मिलने आये थे, लेकिन अंदर जाने नहीं दिया गया. डीएम ने कार्यक्रम के दौरान परिसर में लगे विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया. लक्ष्मी जीविका सहायता समूह सलैया के हैंडलूम उत्पादों को देखा और बुनकरों से जानकारी ली. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्रों की विज्ञान प्रदर्शनी भी देखी और उनसे चर्चा की. प्रदर्शनी में श्रम संसाधन, कृषि और ग्रामीण विकास विभाग शामिल रहे. एक कदम संपूर्ण साक्षरता कार्यक्रम का उद्घाटन राजकीय मध्य विद्यालय अकोढ़ी में एक कदम संपूर्ण साक्षरता कार्यक्रम का डीएम ने उद्घाटन किया. महिलाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जो महिला एंड्राॅयड मोबाइल चलाना सीख जाती है, वह साक्षर मानी जायेगी. जिले में मार्च तक सभी महिलाओं को साक्षर बनाने का लक्ष्य है. कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से दीवार पर लिखे शब्द पढ़वाये गये. पांच महिलाओं में से चार ने शब्द पढ़े, जिन्हें सर्टिफिकेट दिया गया, जबकि एक महिला शब्द नहीं पढ़ सकी, उसका सर्टिफिकेट रोक दिया गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Panchdev kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >