बिक्रमगंज-नासरीगंज रोड एनएच-120 पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ. नगर पंचायत गोड़ारी में माधो साह के मील के पास मंगलवार की दोपहर ऑटो और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गयी. इसमें बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं, ऑटो चालक सहित चार लोग घायल हो गये. घायलों में एक महिला की हालत नाजुक बनी हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम उठे. सड़क पर बिखरे वाहन और खून के धब्बे तेज रफ्तार की कहानी बयां कर रहे थे. मृत दोनों युवकों की पहचान नासरीगंज निवासी जितेंद्र सिंह के 26 वर्षीय बेटे सुजीत कुमार व रामजी साह के 22 वर्षीय बेटे विवेक कुमार उर्फ बेचू के रूप में की गयी. जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से कहीं जा रहे थे. इस दौरान ऑटो से टक्कर हो गयी. इसमें दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. ग्रामीणों ने तत्परता से सभी घायलों को सीएचसी गोड़ारी में लाया. चिकित्सकों ने बाइक सवार युवकों की हालत नाजुक देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. लेकिन, दोनों युवकों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. हादसे में ऑटो में सवार चालक और यात्री कांति देवी, संगीता देवी, रीता देवी व सुचेता देवी घायल हो गयी. इनमें कांति देवी की स्थिति अत्यंत गंभीर बतायी जा रही है, जिनका इलाज सदर अस्पताल सासाराम में चल रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक व ऑटो को जब्त कर थाने ले आयी. थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है. आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. सफर के दौरान बरतें सावधानीलोग स्थानीय लोगों ने घटना के संबंध में बताया कि नासरीगंज की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बाइक अनियंत्रित होकर बिक्रमगंज की ओर से आ रहे ऑटो से जा टकरायी. इसके बाद लोगों की भीड़ जुट गयी. लोगों ने बताया कि एनएच पर नियमों की अनदेखी कर वाहन दौड़ाये जा रहे हैं. इससे हादसे हाते हैं. इस हादसे ने एक बार फिर चेताया है कि तेज रफ्तार और लापरवाही सिर्फ आंकड़े नहीं बढ़ाती, बल्कि घरों के चिराग बुझा देती है. सड़क पर अनुशासन ही जीवन की सबसे बड़ी सुरक्षा है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.