रोहतास में बारिश बनी मुसीबत, शिवसागर के गिरधरिया बाजार में जलजमाव से थमी रफ्तार, राहगीर और दुकानदार परेशान

रोहतास में लगातार बारिश ने शिवसागर के गिरधरिया बाजार को पानी-पानी कर दिया है. मुख्य सड़क पर जलजमाव से राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है. हर साल दोहराई जाने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान कब होगा, यह सवाल बना हुआ है.

Shivsagar Waterlogging News : रोहतास में लगातार हो रही बारिश ने जहां किसानों के लिए राहत की सौगात दी है, वहीं शिवसागर-चेनारी स्टेट हाईवे पर स्थित गिरधरिया बाजार में जलजमाव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मुख्य सड़क पर पानी भरने, अतिक्रमण और खराब जल निकासी व्यवस्था के कारण बाजार में आवागमन प्रभावित हो गया है. राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

मुख्य सड़क पर जलजमाव से आवागमन हुआ प्रभावित

गिरधरिया बाजार, जिसे लोग शिवसागर बाजार के नाम से भी जानते हैं, वहां लगातार बारिश के बाद मुख्य सड़क पर पानी भर गया है. सड़क के दोनों किनारों पर अतिक्रमण और नालियों की बदहाल स्थिति के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो गया. इससे पूरे बाजार क्षेत्र में दिनभर अफरातफरी का माहौल बना रहा.

Rohtas News : गड्ढे नहीं दिखने से हादसे का बढ़ा खतरा

सड़क पर जलभराव के कारण गड्ढे पूरी तरह पानी में छिप गए हैं. ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है. वहीं चारपहिया वाहन, ई-रिक्शा और अन्य छोटे वाहन भी धीमी गति से गुजरने को मजबूर हैं. कई बार आमने-सामने वाहन आने पर जाम जैसी स्थिति बन जा रही है.

Sasaram News : पैदल राहगीर और दुकानदार सबसे ज्यादा परेशान

बाजार आने वाले पैदल यात्रियों, महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है. सड़क किनारे जमा पानी और गंदगी से दुर्गंध फैलने लगी है. दुकानदारों का कहना है कि दुकानों के सामने जलजमाव होने से ग्राहक आने से बच रहे हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है.

हर साल दोहराई जाती है यही समस्या

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में हर वर्ष गिरधरिया बाजार में यही स्थिति बन जाती है. समय पर नालियों की सफाई नहीं होने और सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण के कारण बारिश का पानी निकल नहीं पाता. कई बार प्रशासन और संबंधित विभाग से शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है.

प्रशासन ने पंचायत को पहल करने की दी सलाह

प्रभारी अंचल अधिकारी सह राजस्व अधिकारी शंकर शरण उपाध्याय ने बताया कि बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण और जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए सबसे पहले स्थानीय पंचायत के मुखिया को पहल करनी चाहिए. यदि पंचायत स्तर पर समाधान संभव नहीं हो तो अंचल कार्यालय को सूचना दी जाए. प्रशासन पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मिलकर आवश्यक कार्रवाई करेगा, ताकि लोगों को स्थायी राहत मिल सके.

Also Read : रोहतास 'पायलट बाबा धाम' के मुख्य गेट पर फंदे से लटका मिला युवक का शव, केरल का था मृतक, CCTV में कैद हुई आखिरी तस्वीर



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Singh

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >