रोहतास में 10 एकड़ के षष्ठी तालाब का होगा कायाकल्प, छठ घाट और बोटिंग की बनेगी व्यवस्था

नोखा के ऐतिहासिक षष्ठी तालाब का होगा सौंदर्यीकरण। डीएम ने छठ घाट, बोटिंग और पार्क बनाने के लिए मास्टर प्लान तैयार करने का निर्देश दिया है।

Rohtas News : हथिनी पंचायत सरकार भवन के समीप करीब 10 एकड़ में फैले ऐतिहासिक षष्ठी तालाब के कायाकल्प की तैयारी शुरू हो गयी है. गुरुवार को जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने तालाब का निरीक्षण कर विकास और सौंदर्यीकरण की संभावनाओं का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों के साथ तालाब को धार्मिक आस्था के साथ पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की रूपरेखा पर चर्चा की.

छठ घाट से पाथवे और बोटिंग तक की होगी सुविधा

डीएम ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को तालाब के सौंदर्यीकरण का विस्तृत मास्टर प्लान तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने योजना में आकर्षक छठ घाट, पाथवे, बैठने की व्यवस्था, हाईमास्ट एवं सजावटी प्रकाश, हरित क्षेत्र और बोटिंग जैसी सुविधाएं शामिल करने को कहा. इन सुविधाओं के विकसित होने से स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी बेहतर सुविधा मिल सकेगी.

धार्मिक स्थल के साथ पर्यटन केंद्र बनाने की तैयारी

डीएम ने कहा कि सुनियोजित विकास के बाद षष्ठी तालाब न केवल आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा, बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी जिले की पहचान बन सकता है. प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से ऐतिहासिक तालाब को जिले के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में विकसित किया जा सकता है.

विकास निधि से छठ घाट बनाने की अपील

निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष सह हथिनी पंचायत के मुखिया दयानंद सिंह और जिला परिषद सदस्य कृष्ण मुरारी उर्फ मेलु मिश्रा से अपने-अपने विकास निधि से चरणबद्ध तरीके से छठ घाट निर्माण कराने की अपील की. उन्होंने कहा कि तालाब पर सुरक्षित और पक्के छठ घाट बनने से पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत होगी.

छठ पर बड़ी संख्या में पहुंचते हैं श्रद्धालु

डीएम ने कहा कि प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु षष्ठी तालाब पहुंचकर भगवान भास्कर को अर्घ्य देते हैं. ऐसे में सुरक्षित, पक्के और आधुनिक छठ घाट का निर्माण समय की आवश्यकता है. तालाब के विकास के साथ प्रकाश, बैठने और आवागमन की सुविधाओं को भी बेहतर किया जाएगा.

पंचायत ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा

मुखिया दयानंद सिंह ने कहा कि पंचायत प्रशासन के निर्देशों के अनुरूप तालाब के विकास और छठ घाट निर्माण में हरसंभव सहयोग करेगा. उन्होंने कहा कि षष्ठी तालाब वर्षों से हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है. इसके विकास से पूरे क्षेत्र को स्थायी लाभ मिलेगा.

निरीक्षण में अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

मौके पर डीडीसी विजय कुमार पांडे, जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय, बीडीओ शेफाली, सीओ पुष्पा कुमारी सहित जिला और प्रखंड के कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. सभी ने तालाब के समग्र विकास और सौंदर्यीकरण में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >