Sasaram News : नोखा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सोतवा पंचायत के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, मठिया में शिक्षक-शिक्षिका के बीच बढ़ते विवाद से विद्यालय का माहौल गरमा गया है. मामले को लेकर शिक्षिका ज्योति यादव ने शिक्षक मुकेश कुमार सिंह पर गाली-गलौज, अभद्र भाषा का प्रयोग करने और धमकी देने का आरोप लगाया है. वहीं, प्रधानाध्यापक ने भी दोनों के बीच लगातार हो रहे विवाद से विद्यालय का वातावरण प्रभावित होने और विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित होने की जानकारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को दी है.
प्रधानाध्यापक ने बीईओ को भेजी विवाद की जानकारी
प्रधानाध्यापक ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को भेजे पत्र में बताया है कि शिक्षक मुकेश कुमार सिंह और शिक्षिका ज्योति यादव के बीच लगातार विवाद हो रहा है. इससे विद्यालय के वातावरण पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है. आवेदन में नौ सितंबर की घटना का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद प्रधानाध्यापक ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर मामले को समझाने का प्रयास किया.
शिक्षिका ने गाली-गलौज और धमकी देने का लगाया आरोप
इधर, शिक्षिका ज्योति यादव ने वरीय अधिकारियों को दिये लिखित आवेदन में आरोप लगाया है कि नौ सितंबर को शिक्षक मुकेश कुमार सिंह ने उनके साथ कथित रूप से गाली-गलौज की और अभद्र भाषा का प्रयोग किया. विरोध करने पर धमकी देने और शारीरिक नुकसान पहुंचाने की बात कहने का भी आरोप लगाया गया है. शिक्षिका ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने और दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है.
Also Read : कैमूर में शॉर्ट सर्किट से घर में भीषण आग, 80 हजार रुपये का सामान जलकर राख
सूचना पर विद्यालय पहुंची पुलिस, जांच के बाद होगी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर नोखा पुलिस विद्यालय पहुंची और स्थिति को शांत कराया. थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी. आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच की जायेगी. जांच में सामने आये तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी.
Also Read : नियमित और सम्मानजनक मानदेय की मांग को लेकर कैमूर के पशु टीका कर्मियों ने हड़ताल का लिया निर्णय
शिकायत की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुमन कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शिक्षिका की ओर से लिखित शिकायत दी गयी है. शिकायत की जांच करायी जायेगी. आरोप सही पाये जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : कर्मनाशा में कंटेनर से 28 मवेशी बरामद, तीन पशु तस्कर गिरफ्तार
