बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष बब्लू सिंह के नेतृत्व में बुधवार की देर शाम एक शिष्टमंडल ने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा. इस दौरान संघ ने लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे की मांग की.
एरियर, वेतन और प्रोन्नति सहित कई मुद्दे उठाए
शिष्टमंडल ने शिक्षकों के बकाया एरियर का भुगतान, प्रधान शिक्षकों का फिक्सेशन, कालबद्ध प्रोन्नति, नौहट्टा प्रखंड के शिक्षकों के जून माह के वेतन भुगतान, एचआरए से जुड़ी समस्याओं सहित अन्य लंबित मामलों को प्रमुखता से रखा. संघ ने कहा कि इन समस्याओं के कारण शिक्षकों को आर्थिक और प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
डीईओ ने दिया कार्रवाई का भरोसा
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने शिक्षक प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि लंबित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी.
समयबद्ध समाधान की उठी मांग
शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने विभाग से सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने की मांग की. इस मौके पर संघ के संरक्षक अनिल वर्मा, जिला प्रवक्ता राकेश सिंह, अनिल त्रिपाठी, परशुराम तिवारी, संतोष निराला, रविश, अजीत, संतोष सिंह, चितरंजन, मनोज सिंह, निरंजन पाल सहित कई शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
