Sasaram News : शेरशाह कॉलेज, सासाराम में BCA और BBA प्रवेश परीक्षा 13 अगस्त को आयोजित होगी. वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा की ओर से 8 अगस्त को जारी पत्र के आधार पर कॉलेज प्रशासन ने परीक्षा की तारीख और जरूरी निर्देश जारी किए हैं.
शेरशाह कॉलेज में होगा परीक्षा केंद्र
समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने वाले उन्हीं छात्र-छात्राओं की परीक्षा शेरशाह कॉलेज केंद्र पर होगी, जिनके लिए यह केंद्र निर्धारित किया गया है. BCA और BBA प्रवेश परीक्षा दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित की जाएगी.
BCA परीक्षा में 100 अंकों के होंगे सवाल
कॉलेज की सूचना के अनुसार BCA प्रवेश परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी. इसमें 75 अंक के 75 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे. प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा. इसके अलावा 25 अंकों की मौखिक परीक्षा होगी.
BBA में 70 ऑब्जेक्टिव और दीर्घ उत्तरीय प्रश्न
BBA प्रवेश परीक्षा भी 100 अंकों की होगी. इसमें 70 अंकों के 70 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे. वहीं, 30 अंकों के लिए दीर्घ उत्तरीय प्रश्न होंगे. परीक्षार्थियों को परीक्षा पैटर्न के अनुसार तैयारी करने की सलाह दी गई है.
समय पर पहुंचना होगा जरूरी
कॉलेज प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों को 13 अगस्त को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया है. अनुपस्थित रहने वाले छात्रों को दोबारा परीक्षा देने का अवसर नहीं मिलेगा. इसलिए अभ्यर्थियों को समय का विशेष ध्यान रखना होगा.
आवेदन की प्रति और पहचान पत्र साथ लाएं
परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को समर्थ पोर्टल पर किए गए ऑनलाइन आवेदन की प्रति और फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा. कॉलेज प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की अपील की है.
