Sasaram News (राकेश कुमार): रोहतास जिले के प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन स्थल मां तुतला भवानी धाम में सोमवार को खाना बनाने के दौरान दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई. देखते ही देखते इस मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें तीन महिलाओं समेत कुल आधा दर्जन लोग बुरी तरह से घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह झड़प इतनी भयावह थी कि मारपीट के दौरान तीन महिलाओं के सिर भी फट गए हैं. घटना के बाद कगार पर पहुंचे बड़े बवाल को मां तुतला भवानी न्यास समिति के सदस्यों और वनकर्मियों ने बीच-बचाव कर शांत कराया और इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी.
खाना बनाने के दौरान महिलाओं पर फब्तियां कसने का आरोप, नशे में थे पुरुष!
घटना के संबंध में बताया जाता है कि मां तुतला भवानी धाम में आरा जिले से एक परिवार आया हुआ था, जो परिसर में भोजन तैयार कर रहा था. वहीं, बगल में तिलौथू थाना क्षेत्र के ही रेडिया गांव के निवासी भी एक परिवार के साथ खाना बना रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो दोनों पक्षों के पुरुष वर्ग के लोग शराब के नशे में धुत थे. खाना बनाने के क्रम में ही एक पक्ष के लोगों ने दूसरे परिवार की महिलाओं पर फब्तियां कसनी शुरू कर दीं, जिसका विरोध करने पर दोनों गुट आपस में भिड़ गए और लाठी-डंडे चलने लगे. हालांकि, पुलिस ने अभी तक मारपीट के मुख्य कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है.
पुलिस ने घायलों को कराया अस्पताल में भर्ती, आवेदन मिलने पर दर्ज होगी प्राथमिकी
सूचना मिलते ही तिलौथू थाना की गश्ती गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले आई. मां तुतला भवानी धाम न्यास समिति के अध्यक्ष गुरु चरण यादव ने बताया कि दोनों गुटों में इतनी हिंसक झड़प हो गई थी कि अगर धाम कमेटी के सदस्य और वनकर्मी मौके पर तत्परता नहीं दिखाते, तो यह घटना बेहद बड़ा और अप्रिय रूप ले सकती थी.
थानाध्यक्ष का बयान: तिलौथू थाना अध्यक्ष शुभम कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल को मौके पर भेजा गया था. सभी घायलों को थाने लाने के बाद तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है. थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि अभी तक दोनों पक्षों में से किसी की भी तरफ से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. लिखित शिकायत या आवेदन मिलते ही तुरंत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read :नवादा में भीषण गर्मी में सड़क पर बह रहा हजारों लीटर पानी, बूंद-बूंद पानी को तरस रहे लोग
