सासाराम : बक्सर से गंगाजल लेकर गुप्ताधाम पहुंचे हजारों कांवरिये, बोल बम के जयघोष से गूंजा चेनारी

Guptadham Kanwar Yatra : बक्सर से गंगाजल लेकर गुप्ताधाम की 128 किमी की कठिन पैदल यात्रा पर निकले हजारों कांवरियों का चेनारी में भव्य स्वागत हुआ। रास्ते में सेवा शिविरों ने भक्तों को पानी, भोजन और दवाएं उपलब्ध कराईं, जिससे यात्रा सुगम बनी।

Guptadham Kanwar Yatra : बक्सर से गंगाजल लेकर गुप्ताधाम की कठिन पैदल यात्रा पर निकले हजारों कांवरियों का जत्था शनिवार को चेनारी पहुंचा. रोहतास जिले की सीमा में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया. गंगाजल से भरी कांवर लेकर नंगे पांव आगे बढ़ रहे श्रद्धालुओं के हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा मार्ग शिवमय हो गया.

चेनारी में कांवरियों का जगह-जगह हुआ स्वागत

चेनारी पहुंचने पर ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न सेवा समितियों ने कांवरियों का स्वागत किया. श्रद्धालुओं की सेवा के लिए रास्ते में जगह-जगह शिविर लगाये गये हैं. कहीं पेयजल, तो कहीं चाय, फल, भोजन और दवा की व्यवस्था की गयी है. स्थानीय लोग भी कांवरियों को रोककर पानी और फल उपलब्ध करा रहे हैं.

लांजी गांव में संस्कृत कार्यक्रम के दौरान नाचते गाते कांवरिया अंग वस्त्र देकर सम्मानित करते गुप्ता धाम लांजी कमेटी के सदस्य | Prabhat Khabar Network

मलहर से लांजी तक सेवा शिविरों में जुटे लोग

चेनारी क्षेत्र में प्रवेश के बाद मलहर, वीरनगर से लांजी तक कांवरियों के लिए विशेष इंतजाम किये गये हैं. लांजी गांव में मुख्य सड़क के समीप लांजी विकास कमेटी की ओर से भोजन, दवा और फल वितरण की व्यवस्था की गयी. इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया.

पूर्व विधायक ललन पासवान ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन

लांजी विकास कमेटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व विधायक ललन पासवान ने किया. इस दौरान अतिथियों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया. कमेटी के सदस्य विकास यादव उर्फ सोनू यादव, जोखन यादव, उदय पासवान, विजेंद्र यादव, धनु पाल, समाजसेवी धर्मेंद्र रंजक उर्फ धर्मेंद्र बैठा, रवि यादव, सोनू पाल और धनू यादव सहित अन्य लोग सेवा कार्य में जुटे रहे.

लांजी गांव में संस्कृत कार्यक्रम के दौरान नाचते गाते कांवरिया अंग वस्त्र देकर सम्मानित करते गुप्ता धाम लांजी कमेटी के सदस्य | Prabhat Khabar Network

कांवरियों के साथ पैदल चले विधायक मुरारी गौतम

पूर्व पंचायती राज मंत्री सह स्थानीय विधायक मुरारी प्रसाद गौतम शनिवार को चेनारी में कांवरियों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते नजर आये. उन्होंने कांवरियों से मुलाकात कर यात्रा और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली. विधायक ने कहा कि कांवरियों की सेवा और सुविधा प्राथमिकता है. गुप्ताधाम जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए स्थानीय लोगों और सेवा समितियों को सहयोग करना चाहिए.

लांजी गांव में संस्कृत कार्यक्रम के दौरान नाचते गाते कांवरिया अंग वस्त्र देकर सम्मानित करते गुप्ता धाम लांजी कमेटी के सदस्य | Prabhat Khabar Network

कांवरियों की सेवा भगवान शिव की सेवा के समान

पूर्व विधायक ललन पासवान ने कहा कि कांवरियों की सेवा सनातन परंपरा और आस्था का हिस्सा है. बक्सर से गंगाजल लेकर गुप्ताधाम जा रहे श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थानीय लोगों की ओर से किया जा रहा सेवा कार्य सराहनीय है. उन्होंने कहा कि बाबा गुप्तेश्वरनाथ के भक्तों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सभी को मिलकर सहयोग करना चाहिए. उन्होंने कांवरियों की सेवा को भगवान शिव की सेवा के समान बताया.

. | Prabhat Khabar Network

128 किलोमीटर पैदल चलकर गुप्ताधाम पहुंचेंगे कांवरिया

बक्सर से गंगाजल लेकर निकले कांवरिये करीब 128 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर कैमूर की पहाड़ियों में स्थित गुप्ताधाम पहुंचेंगे. सोमवार को सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर बाबा गुप्तेश्वरनाथ के पवित्र शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित कर जलाभिषेक करेंगे. इसे लेकर गुप्ताधाम जाने वाले मार्ग पर कांवरियों की संख्या लगातार बढ़ रही है.

. | Prabhat Khabar Network

बोल बम के जयघोष से शिवमय हुआ पूरा मार्ग

लंबी दूरी तय करने के बावजूद कांवरियों में बाबा गुप्तेश्वरनाथ के दर्शन और जलाभिषेक को लेकर उत्साह बना हुआ है. रास्ते में जगह-जगह मिल रही सेवा और सहयोग से कांवरियों की थकान कम हो रही है. सेवा समितियों और ग्रामीणों की ओर से किये जा रहे इंतजामों ने गुप्तधाम कांवड़ यात्रा को सेवा, आस्था और भाईचारे की मिसाल बना दिया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >