Sasaram : कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा के समीप शनिवार की रात मार्बल लदे ट्रेलर ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में शिवसागर थाना क्षेत्र के समहूता गांव निवासी 17 वर्षीय अक्षय कुमार उर्फ कल्लू की मौत हो गयी, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी.
टोल प्लाजा के पास ट्रेलर ने ऑटो में मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक ऑटो से अपने गांव समहूता लौट रहे थे. इसी दौरान दुर्गावती थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के समीप मार्बल लदे ट्रेलर ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो ट्रेलर के नीचे फंस गया और उसमें सवार तीनों युवक दब गये.
चार बहनों का इकलौता भाई था अक्षय
मृतक अक्षय कुमार उर्फ कल्लू, प्रमोद कहार का पुत्र था. वह चार बहनों का इकलौता भाई था और अपने पिता के बुढ़ापे का सहारा था. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. घटना की जानकारी मिलते ही समहूता गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
दो साथी भी गंभीर रूप से घायल
इस Durgawati Road Accident में अक्षय के साथ मन्नू कुमार और बृजबिहारी उर्फ चरेखा भी घायल हो गये. मन्नू कुमार, सुदेशी खरवार के 28 वर्षीय पुत्र हैं, जबकि बृजबिहारी उर्फ चरेखा, इंदल बिंद के 27 वर्षीय पुत्र हैं. मन्नू कुमार की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है. वहीं, बृजबिहारी का इलाज सासाराम सदर अस्पताल में चल रहा है.
चारा मशीन पहुंचाने गये थे तीनों दोस्त
परिजनों के अनुसार, मन्नू कुमार अपनी बहन के घर चारा मशीन पहुंचाने के लिए अपने दोनों दोस्तों अक्षय कुमार उर्फ कल्लू और बृजबिहारी उर्फ चरेखा के साथ गये थे. चारा मशीन पहुंचाने के बाद तीनों ऑटो से अपने गांव समहूता लौट रहे थे. इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया.
तीन क्रेन से ढाई घंटे बाद निकले युवक
घटना की सूचना मिलते ही दुर्गावती और मोहनिया थाने की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. ऑटो ट्रेलर के नीचे बुरी तरह फंस गया था. पुलिस, एनएचएआई कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से तीन क्रेन लगायी गयीं. करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों युवकों को बाहर निकाला गया.
अस्पताल पहुंचते ही अक्षय को मृत घोषित किया
रेस्क्यू के बाद तीनों युवकों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल मोहनिया भेजा गया. वहां चिकित्सकों ने अक्षय कुमार उर्फ कल्लू को मृत घोषित कर दिया. वहीं, दोनों घायलों का इलाज शुरू किया गया. गंभीर स्थिति को देखते हुए मन्नू कुमार को वाराणसी रेफर कर दिया गया.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है. वहीं, अक्षय की मौत के बाद समहूता गांव में शोक का माहौल है.
