जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्य कमलेश पासवान ने मंगलवार की देर शाम जिला पदाधिकारी को पत्र देकर करगहर प्रखंड में आंगनबाड़ी केंद्रों की FRS रिपोर्ट और बायोमेट्रिक मशीन से कथित छेड़छाड़ की जांच कराने की मांग की है. उन्होंने पत्र में जुलाई 2025 से 30 अगस्त 2026 के बीच तत्कालीन बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं संबंधित महिला पर्यवेक्षिकाओं द्वारा बायोमेट्रिक व्यवस्था में गड़बड़ी कर उपस्थिति दर्ज कराने का आरोप लगाया है.
बायोमेट्रिक व्यवस्था में गड़बड़ी का आरोप
कमलेश पासवान ने आरोप लगाया है कि बिना नियमित ड्यूटी के भी पूरे माह का मानदेय एवं वेतन निकासी की गई. साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों की FRS रिपोर्ट में भी कथित तौर पर अनियमितता बरती गई है. उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है.
FRS रिपोर्ट में गलत आंकड़े दर्ज करने का आरोप
कमलेश पासवान ने आरोप लगाया कि FRS रिपोर्ट में गलत आंकड़े दर्ज कर आंगनबाड़ी केंद्रों पर अधिक राशि भेजी गई. उन्होंने इसमें प्रतिमाह चार से छह हजार रुपये तक कथित रूप से भ्रष्टाचार किए जाने की शिकायत भी की है. उन्होंने क्रय पंजी, भंडार पंजी सहित सभी संबंधित अभिलेखों की जांच कराने की मांग की है.
जिला स्तरीय कमेटी गठित करने की मांग
उन्होंने जिला पदाधिकारी से जिला स्तरीय कमेटी गठित कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया है. साथ ही दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने और कार्रवाई की प्रतिलिपि उपलब्ध कराने की मांग की है.
समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को भेजी पत्र की प्रतिलिपि
कमलेश पासवान ने पत्र की प्रतिलिपि समाज कल्याण विभाग के निदेशक, सचिव एवं मुख्य सचिव को भी भेजी है. अब उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है.
ALSO READ : 15 से 29 साल के युवाओं के लिए बड़ा मौका, इस पोर्टल से जुड़कर मिलेंगे कई फायदे; जानें कैसे करें रजिस्ट्रेशन
