रोहतास : अकबरपुर में पुलिया टूटने से पांच गांवों का संपर्क टूटा, बच्चों की पढ़ाई भी हुई प्रभावित

रोहतासगढ़ पंचायत में 1970 में बनी पुलिया के ढह जाने से पांच गांवों का आवागमन बाधित हो गया है। स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतिनिधि, अकबरपुर. रोहतासगढ़ पंचायत के बलुआही और राणाडीह के बीच बनी पुलिया टूट जाने से पांच गांवों का आवागमन बाधित हो गया है. करीब एक सप्ताह पहले तेज बारिश और पानी के तेज बहाव के कारण वर्ष 1970 में वन विभाग द्वारा बनाई गई यह पुलिया धराशायी हो गई. इसके बाद से क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

सैकड़ों ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

पुलिया टूटने से भवनवा, पहरू, लुक्का, बलुआही और राणाडीह गांव के सैकड़ों लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है. ग्रामीणों को अब दूसरे रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे रोजमर्रा के कार्यों में भी दिक्कतें आ रही हैं.

श्रमदान से पैदल रास्ता किया गया चालू

रोहतासगढ़ पंचायत के मुखिया नागेंद्र यादव ने बताया कि स्थानीय लोगों के सहयोग से श्रमदान कर पुलिया के क्षतिग्रस्त हिस्से में पत्थर और मोरम भरकर फिलहाल पैदल आने-जाने लायक रास्ता बनाया गया है. हालांकि उन्होंने कहा कि तेज बारिश होने पर यह अस्थायी व्यवस्था भी बह सकती है.

बच्चों की पढ़ाई पर पड़ा असर

पुलिया टूटने से धनसा स्थित स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों और बलुआही के आंगनबाड़ी केंद्र जाने वाले नौनिहालों की पढ़ाई भी प्रभावित हो गई है. अभिभावकों और ग्रामीणों को बच्चों की आवाजाही को लेकर चिंता सता रही है.

वन विभाग से जल्द निर्माण की मांग

मुखिया नागेंद्र यादव ने बताया कि पुलिया टूटने की सूचना वन विभाग को दे दी गई है. उन्होंने विभाग से जल्द नई पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा बहाल हो सके और बच्चों की पढ़ाई दोबारा सुचारु रूप से शुरू हो सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >