रोहतास: खडारी में खुला सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय, मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल उद्घाटन

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने करगहर प्रखंड के खडारी गांव में सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का वर्चुअल उद्घाटन किया. यह विद्यालय 'सात निश्चय-3' योजना के तहत विकसित किया गया है, जिसका लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है.

Rohtas News : करगहर प्रखंड क्षेत्र के खडारी गांव स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया. यह विद्यालय बिहार सरकार की 'सात निश्चय-3' योजना के तहत विकसित किया गया है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है.

पूर्व प्लस-टू विद्यालय को बनाया गया मॉडल स्कूल

सासाराम-चौसा पथ पर करगहर मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित पूर्व उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (प्लस-टू) को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित कर सरस्वती विद्या निकेतन का स्वरूप दिया गया है. उद्घाटन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

आधुनिक सुविधाओं से बदलेगी शिक्षा की तस्वीर

कार्यक्रम में विधायक वशिष्ठ सिंह ने कहा कि सरकार इस विद्यालय को डिजिटल हब, स्मार्ट क्लासरूम और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण से लैस कर रही है. शिक्षा विभाग की नई पहल के तहत राज्य के प्रत्येक प्रखंड में ऐसे आदर्श विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी शहरों जैसी शिक्षा मिल सके.

स्मार्ट क्लास, ई-लाइब्रेरी और विज्ञान प्रयोगशालाओं की सुविधा

विद्यालय के प्राचार्य मंसूर आलम ने बताया कि सरस्वती विद्या निकेतन योजना का उद्देश्य कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण संसाधनों से जोड़ना है. विद्यालय में स्मार्ट क्लासरूम, ई-लाइब्रेरी, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं और डिजिटल शिक्षण की व्यवस्था की जा रही है.

बड़ी संख्या में शिक्षक व छात्र रहे मौजूद

उद्घाटन समारोह में शिक्षक सतेंद्र कुमार सिंह, संतोष सिंह, मनोज कुमार, अनिल कुमार, आरिफ सुहैल, संतोष, अनामिका, अंकिता, प्रीति, समाजसेवी संजय सिंह, अक्षयवर राय, मितेंद्र राय सहित विद्यालय के सभी शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Singh

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >