Rohtas News : राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) एवं बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय रेड रन-2026 प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रोहतास जिले की टीम सोमवार को पटना रवाना हुई. 28 जुलाई को पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में आयोजित होने वाली पांच किलोमीटर दौड़ का उद्देश्य युवाओं में एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूकता फैलाना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है.
जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी करेंगे रोहतास का प्रतिनिधित्व
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय रेड रन के लिए किया गया है. चयनित खिलाड़ियों में सचिन कुमार (एसपी जैन महाविद्यालय, सासाराम), सुजल कुमार (एसबीआर महाविद्यालय, सासाराम), करण कुमार (राधा शांता महाविद्यालय, तिलौथू), सपना कुमारी (महिला महाविद्यालय, डालमियानगर), सिमरन कुमारी और ममता कुमारी (एबीआर महाविद्यालय, सासाराम) शामिल हैं.
डॉ. शशि कला कुमारी करेंगी टीम का मार्गदर्शन
प्रतियोगिता के दौरान रोहतास टीम का मार्गदर्शन और निरीक्षण करने के लिए जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. शशि कला कुमारी भी टीम के साथ पटना रवाना हुईं. वे प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों का नेतृत्व करेंगी.
प्रो. डॉ. राजेश कुमार सिन्हा ने दिखाई हरी झंडी
शांति प्रसाद जैन कॉलेज, सासाराम के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. राजेश कुमार सिन्हा ने टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रोहतास का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं.
खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन का संकल्प
इस अवसर पर कॉलेज के भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार और इतिहास विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. कुमारी संगीता कुशवाहा भी मौजूद रहीं. उन्होंने प्रतिभागियों को पूरी लगन, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया. सभी खिलाड़ी राज्य स्तरीय रेड रन में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रोहतास को गौरवान्वित करने के संकल्प के साथ पटना रवाना हुए.
