हर बच्चे को स्कूल से जोड़ना हम सबकी जिम्मेदारी, नामांकन को लेकर बनी रणनीति

Rohtas News: सासाराम के शेरशाह सूरी स्कूल में शिक्षा विभाग ने पहली कक्षा में अधिक नामांकन सुनिश्चित कराने को लेकर बैठक की. अधिकारियों ने घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक करने और स्कूल से बाहर बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया.

Rohtas News (सासाराम से मो. आरिफ खान की रिपोर्ट): सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित कराने को लेकर बुधवार को शेरशाह सूरी उच्च माध्यमिक स्कूल में बैठक आयोजित की गयी. बैठक में शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मियों ने भाग लिया तथा नामांकन अभियान को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गयी. कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूल से दूर बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और अभिभावकों को सरकारी विद्यालयों की सुविधाओं के प्रति जागरूक करना था.

घर-घर जाकर किया जायेगा जागरूक

बैठक में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सोनू कुमार ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ना शिक्षा विभाग की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ पोशाक, पुस्तक, मध्याह्न भोजन और अन्य कई सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं. इसके बावजूद यदि कोई बच्चा स्कूल से बाहर रह जाता है तो यह चिंता का विषय है. उन्होंने शिक्षकों और शिक्षा कर्मियों से घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक करने का आह्वान किया.

शैक्षणिक गतिविधियों में आयेगी मजबूती

कंप्यूटर ऑपरेटर शाकिर अहमद ने नामांकन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर बच्चों का डाटा सही तरीके से संधारित किया जाये, ताकि किसी भी बच्चे का नामांकन छूटने न पाए. वहीं अकाउंट्स प्रभारी नागेंद्र राम ने कहा कि नामांकन बढ़ने से विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों में और मजबूती आयेगी.

डिजिटल शिक्षा और पारदर्शी नामांकन पर जोर

आईसीटी कोऑर्डिनेटर अनुज प्रकाश ने कहा कि आज के समय में शिक्षा के साथ तकनीकी जानकारी भी जरूरी हो गयी है. सरकारी विद्यालयों में बच्चों को डिजिटल माध्यम से पढ़ाई से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ेगी. बैठक में यह निर्णय लिया गया कि नामांकन अभियान के तहत विद्यालयों के आसपास के गांवों और मोहल्लों में जागरूकता अभियान चलाया जायेगा. अभिभावकों को सरकारी स्कूलों की सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बारे में जानकारी दी जायेगी, ताकि अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित हो सके.

Also Read: अंतरराष्ट्रीय ट्रैक पर दौड़ेगा सासाराम का लाल पीयूष राज, एशियाई चैंपियनशिप के लिए हांगकांग रवाना

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >