अंतरराष्ट्रीय ट्रैक पर दौड़ेगा सासाराम का लाल पीयूष राज, एशियाई चैंपियनशिप के लिए हांगकांग रवाना

Rohtas News: रोहतास जिले के युवा एथलीट पीयूष राज श्रीवास्तव एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने हांगकांग रवाना हुए हैं. पीयूष जिले के पहले अंतरराष्ट्रीय एथलीट बन गये हैं और अब उनका सपना ओलंपिक में देश के लिए पदक जीतना है.

Rohtas News (मो. आरिफ खान की रिपोर्ट): जिले के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब जिले का होनहार एथलीट पीयूष राज श्रीवास्तव भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए हांगकांग रवाना हुआ. पीयूष 28 से 31 मई तक आयोजित होने वाली 22वीं एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत की ओर से भाग लेगा. वह 15 सदस्यीय भारतीय टीम के साथ बेंगलुरु से हांगकांग के लिए रवाना हुआ.

रोहतास का पहला अंतरराष्ट्रीय एथलीट बना पीयूष

पीयूष रोहतास जिले का पहला ऐसा एथलीट बन गया है, जो किसी अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जिले और बिहार का प्रतिनिधित्व करेगा. रोहतास जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव और पीयूष के पूर्व प्रशिक्षक विनय कृष्ण ने बताया कि पीयूष पिछले एक महीने से बेंगलुरु में भारतीय टीम के साथ विशेष प्रशिक्षण ले रहा था. लगातार कठिन मेहनत, अनुशासन और बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उसने भारतीय टीम में अपनी जगह बनायी है. उन्होंने कहा कि यह केवल पीयूष की नहीं, बल्कि पूरे रोहतास और बिहार के लिए गर्व का क्षण है.

कई स्पर्धाओं में दिखाएगा दम

पीयूष हांगकांग में 400 मीटर दौड़, 4×100 मीटर रिले, 4×400 मीटर रिले और 4×400 मीटर मिक्स रिले स्पर्धा में अपना दम दिखाएगा. भारतीय एथलेटिक्स महासंघ द्वारा आयोजित चयन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर उसका चयन किया गया है. अगले माह होने वाली विश्व जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भी पीयूष ने क्वालीफाई कर लिया है. लगातार दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भारतीय टीम में चयन होने के बाद अब वह भारतीय एथलेटिक्स का उभरता सितारा माना जा रहा है.

ओलंपिक में देश के लिए पदक जीतना है सपना

रवाना होने से पहले पीयूष ने कहा कि वह बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, अपने प्रशिक्षकों और रोहतास जिला एथलेटिक्स संघ का आभारी है. उसने कहा कि उसकी इस सफलता में उसकी मां और स्वर्गीय पिता का आशीर्वाद सबसे बड़ी ताकत रहा है. पीयूष ने कहा कि उसका अगला लक्ष्य ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करना और देश के लिए पदक जीतना है.

खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने दी शुभकामनाएं

रोहतास जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने पीयूष को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतियोगिता से लौटने के बाद उसका भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जायेगा. पीयूष की उपलब्धि पर जिले के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों ने खुशी जताते हुए उसे उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं.

Also Read: रोहतास में 1 जून से शुरू होगा ‘कमाल का कैम्प’, कमजोर बच्चों को सिखाई जाएगी भाषा और गणित

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.

स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.

मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >