Rohtas News (रंजन कुमार की रिपोर्ट): रोहतास जिले के नोखा प्रखंड क्षेत्र में त्याग, समर्पण और बलिदान का प्रतीक पर्व बकरीद गुरुवार को पूरे उत्साह, अकीदत और भाईचारे के साथ मनाया जायेगा. पर्व को लेकर क्षेत्र में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गयी हैं. विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की जायेगी, जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल होंगे.
12 संवेदनशील स्थानों पर रहेगी विशेष निगरानी
बकरीद को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. अंचल अधिकारी सह दंडाधिकारी मधुसूदन चौरसिया ने बताया कि नोखा प्रखंड एवं नगर क्षेत्र के 12 संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की जायेगी. साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में लगातार गश्ती भी की जायेगी, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या अप्रिय घटना पर तत्काल नियंत्रण पाया जा सके. प्रशासन ने लोगों से शांति और आपसी सौहार्द बनाये रखने की अपील की है.
बाजारों में बढ़ी रौनक, खरीदारी तेज
पर्व को लेकर बाजारों में इन दिनों खासा उत्साह देखा जा रहा है. कपड़ों, टोपी, इत्र, सेवइयों और अन्य जरूरत के सामानों की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है. बच्चों और युवाओं में त्योहार को लेकर विशेष उत्साह है. वहीं बकरों के बाजार में भी काफी चहल-पहल देखी जा रही है. इस बार बकरों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है, बावजूद इसके लोग अपनी क्षमता के अनुसार कुर्बानी के लिए खरीदारी कर रहे हैं.
कुर्बानी त्याग और इंसानियत का प्रतीक
मुस्लिम धर्मगुरु कारी हाफिज मो. महफुज कौसर ने बताया कि बकरीद का पर्व हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम की कुर्बानी और अल्लाह के प्रति उनकी अटूट आस्था की याद में मनाया जाता है. उन्होंने कहा कि हजरत इब्राहिम ने अल्लाह के हुक्म को मानते हुए अपने पुत्र हजरत इस्माइल की कुर्बानी देने का संकल्प लिया था, लेकिन अल्लाह ने अपनी रहमत से उनकी जगह दुम्बा भेज दिया. इसी घटना की याद में हर वर्ष मुसलमान बकरीद पर कुर्बानी अदा करते हैं.
सुबह ईदगाहों और मस्जिदों में होगी विशेष नमाज
कारी महफुज कौसर ने कहा कि बकरीद केवल कुर्बानी का पर्व नहीं, बल्कि त्याग, इंसानियत, भाईचारे और समर्पण का संदेश देने वाला त्योहार है. इस वर्ष जिलहिज्जा की 10, 11 और 12 तारीख के अनुसार 27, 28 और 29 मई को कुर्बानी की प्रक्रिया पूरी की जायेगी. गुरुवार सुबह ईदगाहों और मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की जायेगी, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे.
Also Read: बकरीद को लेकर इंद्रपुरी थाना में शांति समिति की बैठक, संवेदनशील इलाकों में बढ़ी निगरानी
