बिहार में बढ़ते अपराध व EO हत्याकांड पर राजद का प्रदर्शन, सरकार पर साधा निशाना

बिहार में बढ़ते अपराध और डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) विमल कुमार की हत्या के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने डेहरी में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया. राजद कार्यकर्ताओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और निष्पक्ष जांच की मांग की.

Rohtas News: बिहार में लगातार बढ़ रहे अपराध और डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) विमल कुमार की हत्या के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने गुरुवार को डेहरी में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया. राजद कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर चौक से एक पैदल मार्च निकाला, जो शहर के मुख्य बाजार और जननायक कर्पूरी चौक से गुजरते हुए अनुमंडल कार्यालय पहुंचा. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने अनुमंडल कार्यालय के मुख्य गेट पर धरना देकर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.

कानून-व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल

धरने का नेतृत्व कर रहे राजद के प्रदेश महासचिव एवं डेहरी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी गुड्डू चंद्रवंशी ने कहा कि बिहार में अपराध बेलगाम हो चुका है और अब सरकारी अधिकारी भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं. ईओ विमल कुमार की हत्या ने राज्य की चरमराती कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

गुड्डू चंद्रवंशी ने मांग उठाई कि मृतक ईओ की पत्नी द्वारा मीडिया के सामने स्थानीय विधायक पर रंगदारी मांगने के लगाए गए आरोपों की पुलिस निष्पक्ष जांच करे. वहीं मामले में गिरफ्तार चालक की पत्नी ने भी अपने पति को बेकसूर बताते हुए फंसाने का दावा किया है, इसलिए पुलिस को सभी पक्षों के बयानों को शामिल करते हुए पारदर्शी जांच करनी चाहिए ताकि असली गुनहगार पकड़े जाएं.

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

धरना प्रदर्शन के दौरान राजद जिलाध्यक्ष रामचंद्र ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि हत्याकांड का जल्द खुलासा कर वास्तविक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो राजद पूरे जिले में उग्र आंदोलन चलाने को बाध्य होगी.

कार्यक्रम का संचालन शिवपूजन शास्त्री ने किया. इस मौके पर पूर्व नगर अध्यक्ष धनंजय यादव, कमलेश मोहन, राजू यादव, सतेंद्र सह, हरेराम यादव, मोहन यादव, अंतु पाल, शशि यादव, अक्षय यादव, राजेश गुप्ता, दीपक चंद्रवंशी, प्रकाश पासवान, असलम परवेज, रीता कुमारी, जमीला खातून समेत दर्जनों राजद कार्यकर्ता उपस्थित थे.

Also Read: EO विमल कुमार की हत्या कैसे हुई, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या है, पत्नी और ड्राइवर ने क्या कहा; सबकुछ पढ़िए


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >