Sasaram News : डेहरी प्रखंड के जमुहार स्थित नारायण वर्ल्ड स्कूल के तत्वावधान में गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित सीबीएसई राष्ट्रीय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता में देश-विदेश से पहुंची महिला खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा है. प्रतियोगिता में कतर से सीबीएसई की ओर से हिस्सा लेने पहुंची महिला खिलाड़ी खेल के साथ-साथ बिहार की संस्कृति, खान-पान और प्राकृतिक सुंदरता का भी आनंद ले रही हैं.
सोशल मीडिया की धारणा से अलग दिखा बिहार
बिहार को लेकर सोशल मीडिया और खबरों से बनी नकारात्मक छवि के विपरीत यहां का माहौल देखकर कतर की खिलाड़ी काफी प्रभावित हैं. वे बिहार की जमकर तारीफ कर रही हैं. कतर से आयी खिलाड़ी सिया ने कहा कि बिहार उनकी उम्मीदों से कहीं ज्यादा बेहतर है. उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया और खबरों के माध्यम से बिहार के बारे में लगातार नकारात्मक बातें सुनने को मिलती थीं, लेकिन यहां आने के बाद तस्वीर बिल्कुल अलग नजर आई. यहां का माहौल और लोगों का व्यवहार उम्मीद से बेहतर है.
Also Read : सासाराम के पचासवा में विवाद के बाद पत्थरबाजी, 8 लोगों पर नामजद FIR; एक गिरफ्तार
बिहार पहुंचने के बाद हिचकिचाहट हुई दूर
वहीं, खिलाड़ी श्रद्धा ने कहा कि दूरी और बिहार को लेकर बनी धारणा की वजह से यहां आने को लेकर थोड़ी हिचकिचाहट थी. हालांकि, बिहार पहुंचने के बाद उन्हें काफी अच्छा लग रहा है. उन्होंने कहा कि यहां आकर उन्हें काफी आनंद मिल रहा है और लोगों का व्यवहार भी अच्छा है.
हरियाली और पहाड़ों ने मोहा मन
कतर की खिलाड़ी जरा बिहार की प्राकृतिक सुंदरता से काफी प्रभावित हैं. उन्होंने कहा कि यहां चारों तरफ हरियाली देखकर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है. कतर में इसके विपरीत कई जगह बंजर जमीन देखने को मिलती है. बिहार के हरे-भरे पेड़, पहाड़ और प्राकृतिक वातावरण उन्हें काफी आकर्षित कर रहे हैं. जरा ने कहा कि अगर मौका मिला तो अगली बार वह बिहार केवल घूमने के इरादे से आना चाहेंगी.
Also Read : बिहार माध्यमिक स्कूल अध्यापक संघ का गठन, रोहतास के सत्यनारायण सिंह बने प्रदेश अध्यक्ष
बिहारी व्यंजनों का भी ले रहीं स्वाद
बास्केटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंची महिला खिलाड़ी खेल के साथ-साथ बिहार के खान-पान का भी आनंद ले रही हैं. खिलाड़ियों ने यहां मिलने वाले भोजन की तारीफ करते हुए कहा कि पनीर की सब्जी, रोटी, चावल और विभिन्न प्रकार की ताजी सब्जियां उन्हें काफी पसंद आ रही हैं. खिलाड़ियों ने बिहारी व्यंजनों के स्वाद की भी जमकर तारीफ की.
अतिथि सत्कार ने भी किया प्रभावित
कतर की महिला खिलाड़ियों ने बिहार के लोगों के व्यवहार और अतिथि सत्कार की भी सराहना की. पहली बार बिहार पहुंची इन खिलाड़ियों के लिए प्रतियोगिता के साथ यहां का अनुभव भी यादगार बन रहा है. खेल मैदान के बाहर बिहार की संस्कृति, खान-पान और प्राकृतिक वातावरण उन्हें आकर्षित कर रहा है.
Also Read : शहर के लॉज और होटलों में पुलिस-प्रशासन की छापेमारी, ठहरने वाले लोगों के दस्तावेजों की हुई जांच