Rohtas News : सरकारी सेवा में स्थानांतरण एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन कुछ अधिकारी अपने कार्यकाल में ऐसी छाप छोड़ जाते हैं जो वर्षों तक लोगों की यादों में बनी रहती है. सूर्यपुरा थानाध्यक्ष चंदन कुमार भगत ने भी अपने कार्यों से ऐसी ही अलग पहचान बनाई है. उन्होंने पुलिसिंग के साथ-साथ थाना परिसर को स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाने का अभियान शुरू किया है.
फूलों और हरियाली से बदली थाना परिसर की पहचान थानाध्यक्ष की पहल पर थाना परिसर में विभिन्न प्रजातियों के फूलों के पौधे लगाए गए हैं. नियमित साफ-सफाई, पौधों की देखभाल और सौंदर्यीकरण के कारण आज परिसर एक आकर्षक ग्रीन कैंपस का रूप ले चुका है. थाना का वातावरण पहले की तुलना में अधिक स्वच्छ और व्यवस्थित दिखाई देता है.
पूरी पुलिस टीम निभा रही जिम्मेदारी इस अभियान में थाना के पुलिस पदाधिकारी और जवान भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. सभी मिलकर परिसर को स्वच्छ, पर्यावरण अनुकूल और व्यवस्थित बनाए रखने में योगदान दे रहे हैं. यह पहल कार्यस्थल के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन और सकारात्मक सोच का संदेश भी देती है.
स्थानीय लोगों ने की पहल की सराहना क्षेत्रवासियों का कहना है कि अधिकांश अधिकारी अपने प्रशासनिक दायित्वों तक ही सीमित रहते हैं, लेकिन थानाध्यक्ष चंदन कुमार भगत ने थाना परिसर को नई पहचान देकर अलग मिसाल पेश की है. लोगों का मानना है कि स्थानांतरण के बाद भी उनके द्वारा विकसित यह सुंदर परिसर उनकी कार्यशैली और सकारात्मक सोच की याद दिलाता रहेगा. स्थानीय लोगों ने इसे स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनहित के प्रति जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया.
