Rohtas News : नासरीगंज थाना क्षेत्र के पोखराहा और बरडीहा गांव में पुराने मामलों में कई वर्षों से फरार चल रहे दो आरोपियों के घर पुलिस ने इश्तेहार चिपकाया. यह कार्रवाई थानाध्यक्ष अविनाश कुमार के नेतृत्व में एएसआई प्रमोद कुमार ने पुलिस बल के साथ की.
दो फरार आरोपियों के घर पहुंची पुलिस
थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि पोखराहा गांव निवासी योगेश्वर सिंह और बरडीहा गांव निवासी भुअर कहार पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे हैं. दोनों आरोपियों के न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करने और लगातार फरार रहने के कारण कोर्ट ने सम्मन जारी कर उनके घर इश्तेहार चिपकाने का निर्देश दिया था.
एक सप्ताह में सरेंडर नहीं किया तो होगी कुर्की
पुलिस ने दोनों आरोपियों के घर इश्तेहार चिपकाकर उन्हें न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी है. थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यदि आरोपी एक सप्ताह के अंदर न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके घर की कुर्की-जप्ती की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों पर गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया है.
