Sasaram News : ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन (एआईवाईएफ) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) की छात्र-नौजवान यात्रा सोमवार को सासाराम पहुंची. दोनों संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में 28 सितंबर को पटना में प्रस्तावित लोक भवन मार्च में छात्र-नौजवानों की भागीदारी के लिए यह यात्रा नालंदा से शुरू होकर अररिया जा रही है. सासाराम पहुंचने पर समाहरणालय के सामने नुक्कड़ सभा आयोजित की गयी. सभा की अध्यक्षता रोहतास जिला अध्यक्ष मुखिया हरिशंकर प्रसाद ने की.
रोजगार और रिक्त पदों पर बहाली का मुद्दा उठाया
सभा को एआईवाईएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रौशन कुमार सिन्हा, बिहार राज्य सचिव मोहम्मद गयासुद्दीन, राज्य अध्यक्ष शंभू देव, एआईएसएफ बिहार के राज्य अध्यक्ष सुधीर कुमार और एआईवाईएफ के सोशल मीडिया राज्य संयोजक रूपेश कुमार सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया. रौशन कुमार सिन्हा ने कहा कि देश में बेरोजगारी गंभीर समस्या बनी हुई है और बड़ी संख्या में नौजवान रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं. उन्होंने बिहार सरकार के 20 लाख रोजगार देने के वादे का जिक्र करते हुए बंद पड़े कल-कारखानों को चालू करने और रिक्त पदों पर जल्द बहाली की मांग उठायी.
28 सितंबर के मार्च में शामिल होने की अपील
रौशन कुमार सिन्हा ने भगत सिंह राष्ट्रीय रोजगार गारंटी कानून की मांग को लेकर नौजवानों से एकजुट होने की अपील की. उन्होंने 28 सितंबर को प्रस्तावित लोक भवन मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया. वहीं, मोहम्मद गयासुद्दीन ने बिहार में अपराध की घटनाओं को लेकर चिंता जतायी. उन्होंने छात्र, नौजवान, मजदूर और किसान सहित सभी वर्गों से अधिकारों के सवाल पर एकजुट होकर 28 सितंबर को पटना पहुंचने की अपील की.
छात्रों के अधिकार और शिक्षा के मुद्दे पर भी चर्चा
शंभू देव ने कहा कि बिहार के छात्र-नौजवान अपने हक और अधिकार के सवाल पर संघर्ष को और तेज करेंगे. एआईएसएफ बिहार के राज्य अध्यक्ष सुधीर कुमार ने छात्रों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए फीस वृद्धि, शिक्षा के बढ़ते व्यावसायीकरण और छात्र संघ चुनाव नहीं होने की बात कही. उन्होंने शिक्षा को आम लोगों की पहुंच से दूर करने की कोशिशों का विरोध करने की बात कही.
Also Read : अवधूत भगवान राम की जयंती पर संगोष्ठी, धर्म-संस्कृति और समाजसेवा में योगदान को किया याद
यात्रा को छात्र-नौजवानों के लिए नई दिशा देने वाला बताया
सभा के अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए पूर्व नौजवान नेता और सीपीआई सासाराम अंचल मंत्री रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि यह यात्रा बिहार के छात्र-नौजवानों के लिए उम्मीद की किरण है और उन्हें नई दिशा देगी. मौके पर एआईवाईएफ रोहतास जिला सचिव सफीक, सीपीआई नेता रामअवतार पासवान, यासमीन, प्रवीण प्रभाकर भारती सहित बड़ी संख्या में छात्र-नौजवान और एआईवाईएफ-एआईएसएफ के कार्यकर्ता मौजूद रहे.
Also Read : 28 सितंबर के राजभवन मार्च को लेकर करगहर पहुंचा छात्र-नौजवानों का जत्था, नुक्कड़ सभा में जुटे कार्यकर्ता
विभिन्न जिलों से होकर अररिया पहुंचेगी यात्रा
आयोजकों के अनुसार, छात्र-नौजवान यात्रा बिहार के विभिन्न जिलों से होते हुए अररिया पहुंचेगी. इस दौरान रोजगार, शिक्षा, लोकतांत्रिक अधिकारों और अन्य जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर छात्र-नौजवानों से संवाद किया जाएगा. साथ ही 28 सितंबर को पटना में प्रस्तावित लोक भवन मार्च में भागीदारी के लिए अपील की जाएगी.
Also Read : अवधूत भगवान राम की जयंती पर संगोष्ठी, धर्म-संस्कृति और समाजसेवा में योगदान को किया याद
