Rohtas News : रोहतास जिला के चेनारी-मल्हीपुर स्टेट हाईवे स्थित अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के सामने जलजमाव की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद नगर पंचायत प्रशासन सक्रिय हो गया. गुरुवार को नगर पंचायत की टीम ने जलजमाव वाले हिस्से पर ईंट की टुकड़ियां (रोड़ी) डलवाकर सड़क के गड्ढों को अस्थायी रूप से भरने का कार्य कराया. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को फिलहाल कुछ राहत मिली है.
बारिश के बाद बढ़ गई थी परेशानी
लगातार बारिश के कारण उक्त स्थान पर सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई थी. पानी भर जाने से सड़क के गहरे गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे थे, जिससे आए दिन ऑटो, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे थे. अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल आने वाले मरीजों, एंबुलेंस और स्कूली बच्चों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था.
खबर के बाद हरकत में आया प्रशासन
समस्या उजागर होने के बाद नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची और जलजमाव वाले हिस्से में रोड़ी डालकर आवागमन को सुगम बनाने का प्रयास किया. हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल अस्थायी राहत है और लगातार बारिश होने पर समस्या फिर से उत्पन्न हो सकती है.
स्थायी समाधान की उठी मांग
स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने जिला प्रशासन से जलनिकासी के लिए स्थायी नाला निर्माण, सड़क की ऊंचाई बढ़ाने तथा स्टेट हाईवे और नगर पंचायत के बीच जिम्मेदारी तय कर ठोस कार्ययोजना बनाने की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है.
क्या बोले कार्यपालक पदाधिकारी?
नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक भारती ने कहा कि जलजमाव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल राहत कार्य कराया गया है. प्रभावित स्थान पर ईंट की टुकड़ियां डलवाई गई हैं, ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके. उन्होंने बताया कि संबंधित सड़क स्टेट हाईवे के अधीन है और स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभाग से समन्वय कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
