Rohtas Farmer Death Case : रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई. मठिया गांव का 31 वर्षीय किसान रात में ट्रैक्टर से खेत जोतने गया था, लेकिन सुबह उसका शव खेत से बरामद हुआ. परिजनों ने घटना को हत्या बताते हुए जांच की मांग की है.
Rohtas News : रात में खाना लेकर पहुंचे परिजन, खेत से गायब था किसान
मृतक की पहचान मठिया गांव निवासी हीरा सिंह के 31 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार चंदन रविवार रात खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था. रात करीब 9 बजे जब परिवार के लोग खाना लेकर खेत पहुंचे तो ट्रैक्टर की लाइट जल रही थी, लेकिन चंदन वहां मौजूद नहीं था. काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला.
सुबह खेत से बरामद हुआ शव
सोमवार सुबह मौजा गोपालपुर-दिनारा बरांव रोड से करीब एक किलोमीटर पश्चिम स्थित खेत में चंदन कुमार का शव मिला. शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
सूचना मिलने पर भानस प्रभारी थानाध्यक्ष संजय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया. प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट या कटने-फटने के निशान नहीं मिले हैं.
आवेदन मिलने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की सभी पहलुओं से जांच की जाएगी. वहीं, परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है.
