Rohtas News : डेहरी विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहे और लोजपा के वरिष्ठ नेता जितेंद्र कुमार उर्फ रिंकू सोनी की मां एवं स्वर्गीय गौरी शंकर प्रसाद की पत्नी 75 वर्षीय प्रमिला देवी का शुक्रवार रात निधन हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही डेहरी शहर में शोक की लहर दौड़ गयी. शनिवार को सोन नदी के किनारे जवाहर सेतु के समीप स्थित श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और राजनीतिक दलों से जुड़े लोग शामिल हुए.
अंतिम संस्कार में उमड़े लोग
प्रमिला देवी के निधन की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग बाबूगंज मोहल्ला स्थित उनके आवास पर पहुंचे. लोगों ने शोक-संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
छोटे पुत्र ने दी मुखाग्नि
शनिवार को सोन नदी के किनारे जवाहर सेतु के समीप स्थित श्मशान घाट पर प्रमिला देवी का अंतिम संस्कार किया गया. उनके छोटे पुत्र धर्मेंद्र सोनी ने मुखाग्नि दी. इस दौरान बड़े पुत्र रिंकू सोनी और नाती रिशु सोनी भी मौजूद रहे.
सामाजिक सरोकारों से जुड़ी थीं प्रमिला देवी
स्थानीय लोगों के अनुसार प्रमिला देवी कुशल गृहिणी होने के साथ सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ी रहती थीं. जरूरतमंदों की मदद करने और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के कारण मोहल्ले में उनकी अलग पहचान थी. सहज और सरल व्यवहार के चलते उनका स्थानीय लोगों से आत्मीय संबंध रहा.
निधन को बताया अपूरणीय क्षति
प्रमिला देवी के निधन से परिवार के साथ बाबूगंज मोहल्ले में भी मातमी सन्नाटा पसरा रहा. शोक व्यक्त करने पहुंचे लोगों ने कहा कि उनका निधन परिवार के साथ-साथ समाज के लिए भी अपूरणीय क्षति है. लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की कामना की.
राजनीतिक और सामाजिक लोगों ने जताया शोक
अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए. शोक व्यक्त करने वालों में नगर परिषद की मुख्य पार्षद शशि कुमारी, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि गुड्डू चंद्रवंशी, पूर्व विधायक सत्यनारायण सिंह, जदयू नगर अध्यक्ष सत्येंद्र कुशवाहा, प्रकाश गोस्वामी, समाजसेवी सुनील कुमार उर्फ नीलू जी, राजू कश्यप, शैलू कश्यप, घूरा साव, दीपू कश्यप, गौतम कुमार, सुधीर सोनी और खुर्शीद आलम सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे.
