रोहतास: नासरीगंज में ज्वेलर्स की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, थानाध्यक्ष ने दिए CCTV और अलार्म लगाने के निर्देश

नासरीगंज में थानाध्यक्ष ने स्वर्ण व्यवसायियों के साथ बैठक कर सीसीटीवी और अलार्म लगाने के निर्देश दिए। सुरक्षा के लिए पुलिस ने हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया है।

Rohtas News : आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर नासरीगंज थाना परिसर में पुलिस ने ज्वेलर्स दुकानदारों के साथ बैठक की. थानाध्यक्ष अविनाश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में दुकानदारों को प्रतिष्ठानों की सुरक्षा मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की सलाह दी गई.

ज्वेलरी दुकानों पर अपराधियों की रहती है नजर

थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में ज्वेलरी दुकानों पर अपराधियों की विशेष नजर रहती है. ऐसे में दुकानदारों को सतर्क रहने के साथ आधुनिक सुरक्षा उपायों को अपनाना जरूरी है. उन्होंने सभी दुकानदारों को प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम और मजबूत ताले लगाने की सलाह दी.

कर्मचारियों का कराएं सत्यापन, संदिग्धों पर रखें नजर

पुलिस ने दुकानदारों को अपने कर्मचारियों का पूर्ण सत्यापन कराने का निर्देश दिया. इसके साथ ही दुकान पर आने वाले अजनबी और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया. थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

दुकान पर लिखकर रखें डायल 112 और थाना का नंबर

थानाध्यक्ष ने सभी स्वर्ण व्यवसायियों से कहा कि वे अपनी-अपनी दुकानों पर डायल 112 और नासरीगंज थाना का सरकारी मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से लिखकर रखें. किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने से घटना को समय रहते रोका जा सकता है. उन्होंने पुलिस प्रशासन की ओर से व्यवसायियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.

संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई जाएगी निगरानी

थानाध्यक्ष ने बताया कि थाना क्षेत्र में लगातार पुलिस गश्ती की जा रही है. आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी. उन्होंने स्वर्ण व्यवसायियों से पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस के साथ व्यवसायियों की सहभागिता भी जरूरी है.

व्यवसायियों ने पुलिस की पहल का किया स्वागत

बैठक में मौजूद स्वर्ण व्यवसायियों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया. व्यवसायियों ने कहा कि इस तरह की बैठक से दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर भरोसा मजबूत होता है. इस दौरान व्यवसायियों ने अपनी कुछ समस्याएं भी पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया.

बैठक में एसआई नितेश कुमार, रोहित कुमार, अखिलेश कुमार, शम्भू कुमार, लल्लू कुमार, पीएसआई सागर कुमार, रमईया राम, एएसआई अंजय कुमार, बृजकिशोर प्रसाद, प्रमोद कुमार सहित कई स्वर्ण व्यवसायी मौजूद रहे.

बैठक करते थानाध्यक्ष | Prabhat Khabar Network
बैठक करते थानाध्यक्ष | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राहुल कुमार मिश्रा

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >