रोहतास: गुप्ता धाम में दूसरी सोमवारी पर चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, बोल बम के जयकारों से गूंज रहा है मंदिर परिसर

सावन की दूसरी सोमवारी पर रोहतास जिले के गुप्ता धाम में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. कैमूर पहाड़ी से लेकर तलहटी तक श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा, जहाँ 4 लाख से अधिक भक्तों ने पवित्र शिवलिंग पर जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. भीड़ को संभालने में पुलिस-प्रशासन को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी.

Rohtas Gupta Dham Sawan Somvari: सावन की दूसरी सोमवारी पर रोहतास जिले के चेनारी प्रखंड स्थित प्रसिद्ध बाबा गुप्तेश्वर नाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. कैमूर पहाड़ी से लेकर तलहटी तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आयी. बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा गुप्तेश्वर नाथ के पवित्र शिवलिंग पर जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.

गुप्ता धाम कमेटी के उपाध्यक्ष गोपाल सिंह खरवार के अनुसार, सोमवार सुबह सात बजे तक चार लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा के शिवलिंग पर जलाभिषेक कर चुके थे. इसके बाद भी श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा.

रविवार रात से ही उमड़ने लगी भीड़

रविवार रात करीब 10 बजे से ही गुप्ता धाम की ओर जाने वाले रास्तों पर श्रद्धालुओं का रेला लगना शुरू हो गया था. हाथों में जलपात्र, कंधे पर कांवर और जुबां पर बाबा गुप्तेश्वर नाथ का नाम लिए श्रद्धालु लगातार आगे बढ़ते रहे. चारों ओर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष गूंजते रहे. पहाड़ी रास्तों पर भी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दिखाई दीं. लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए कैमूर पहाड़ी की तलहटी में अपनी बारी का इंतजार करते रहे.

‘इतनी भीड़ पहले कभी नहीं देखी’

गुप्ता धाम कमेटी के उपाध्यक्ष गोपाल सिंह खरवार ने कहा कि सावन की दूसरी सोमवारी पर इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ पहले कभी नहीं जुटी थी. उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह सात बजे तक ही चार लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा के पवित्र शिवलिंग पर जलाभिषेक कर चुके थे. इसके बाद भी श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी रहा.

भीड़ संभालने में पुलिस की अग्निपरीक्षा

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करना स्थानीय पुलिस-प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण रहा. श्रद्धालुओं को कतारबद्ध रखने और सुरक्षित तरीके से जलाभिषेक कराने के लिए पुलिसकर्मियों को लगातार मशक्कत करनी पड़ी. चेनारी थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार स्वयं भीड़ के बीच पहुंचकर श्रद्धालुओं से कतारबद्ध होकर जलाभिषेक करने की अपील करते नजर आए. पुलिस जवानों ने जगह-जगह मोर्चा संभालकर भीड़ को नियंत्रित किया.

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट

पु.अनि. सह थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने बताया कि सावन की दूसरी सोमवारी को गुप्ता धाम में श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु जलाभिषेक को लेकर जवानों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया था.

उन्होंने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगातार माइकिंग कर श्रद्धालुओं से कतारबद्ध होकर आगे बढ़ने की अपील की गयी. श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने को कहा गया. साथ ही किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गयी. प्रशासन का प्रयास रहा कि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से बाबा गुप्तेश्वर नाथ का जलाभिषेक कर सके और उसे किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो.

आस्था की तस्वीर बना जनसैलाब

गुप्ता धाम में उमड़ा जनसैलाब बाबा गुप्तेश्वर नाथ के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था की तस्वीर बन गया. पहाड़ी से लेकर तलहटी तक जहां नजर गयी, वहां श्रद्धालुओं का हुजूम दिखाई दिया. दूसरी सोमवारी पर गुप्ता धाम पूरी तरह ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष में डूबा नजर आया.

Also Read:पटना: MLA बनने के बाद इस आवास में रहेंगे प्रशांत किशोर, जानिए किसके बने पड़ोसी



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >