रोहतास: नोखा नगर परिषद के फैसले, 1000 पौधे लगेंगे, जलजमाव खत्म करने के लिए तेज होगी कार्रवाई

नोखा नगर परिषद ने शहर के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की. इसमें सड़कों के किनारे 1000 पौधे लगाने और जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए ठोस कदम उठाने का निर्णय लिया गया.

Rohtas News : नगर परिषद कार्यालय स्थित कार्यपालक पदाधिकारी कक्ष में शनिवार को सभापति राधेश्याम सिंह की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में शहर के विकास, पर्यावरण संरक्षण, स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों, जलजमाव की समस्या और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई.

शहर की सड़कों के किनारे लगाए जाएंगे 1000 पौधे. जल्द शुरू होगा अभियान

बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर परिषद क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के दोनों किनारों पर करीब 1000 पौधे लगाए जाएंगे. इसके लिए उपयुक्त स्थलों का चयन कर जल्द ही विशेष पौधरोपण अभियान शुरू किया जाएगा. इस पहल का उद्देश्य शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती देना है.

15 अगस्त की तैयारियों की समीक्षा. साफ-सफाई और सजावट पर दिया गया जोर

बैठक में आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. ध्वजारोहण, साफ-सफाई, सजावट और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.

जलजमाव वाले इलाकों में होगी विशेष कार्रवाई. नालों की सफाई और फॉगिंग के निर्देश

सभापति राधेश्याम सिंह ने कहा कि शहर को स्वच्छ, हरित और जलजमाव मुक्त बनाना नगर परिषद की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि पौधरोपण अभियान से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, जबकि बेहतर जलनिकासी व्यवस्था से बरसात के दौरान लोगों को राहत मिलेगी. उन्होंने नागरिकों से भी नगर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने में सहयोग की अपील की.

कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. सुजीत कुमार ने बताया कि बैठक में लिए गए सभी निर्णयों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा. जलजमाव वाले क्षेत्रों में नालों की सफाई, फॉगिंग और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि नगर परिषद जनहित से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है.

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद. विकास कार्यों को लेकर बनी रणनीति

बैठक का संचालन कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. सुजीत कुमार ने किया. इस अवसर पर उपसभापति धनजी सिंह, वार्ड पार्षद सह सशक्त स्थायी समिति के सदस्य मनोज कुमार, प्रमोद शर्मा, नइमा खातून, प्रधान लिपिक संजय कुमार, टैक्स दरोगा सहित नगर परिषद के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >