Rohtas News: रोहतास जिले के नोखा प्रखंड के हथिनी पंचायत सरकार भवन परिसर में गुरुवार को सबका सम्मान, जीवन आसान कार्यक्रम के तहत विशाल सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का संयुक्त उद्घाटन रोहतास के जिलाधिकारी (DM) दीपक कुमार मिश्रा, उप विकास आयुक्त (DDC) विजय कुमार पांडेय, जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय, ओसीडी आशीष रंजन, बीडीओ शेफाली, अंचलाधिकारी पुष्पा कुमारी, जिला परिषद सदस्य कृष्ण मुरारी उर्फ मेलु मिश्रा और 20 सूत्री अध्यक्ष रूपेश चंद्रवंशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. मुखिया दयानंद सिंह, चितरंजन तिवारी एवं बब्लू गुप्ता ने अतिथियों को पौधा और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया.
एक ही छत के नीचे 361 आवेदनों का त्वरित निष्पादन
शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया. शिविर के दौरान कुल 361 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका अधिकारियों द्वारा मौके पर ही ऑन-द-स्पॉट निष्पादन कर दिया गया:
- आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र
- सामाजिक सुरक्षा पेंशन
- राजस्व, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी समस्याएं
त्वरित समाधान मिलने से ग्रामीणों को प्रखंड व जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने से बड़ी राहत मिली.
डीएम ने बांटे प्रमाण पत्र, दिव्यांग महिला को मिली ट्राई-साइकिल
जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे. कार्यक्रम के दौरान डीएम ने शांति देवी, भागो देवी, धनंजय सिंह, दीपक कुमार एवं लाल बाबू सहित कई लाभुकों को प्रमाण पत्र प्रदान किए. दिव्यांग महिला इंदु रानी को ट्राई-साइकिल सौंपी. पंचायत सरकार भवन परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. कार्यक्रम के दौरान बीडीओ शेफाली ने जिलाधिकारी को उनका चित्र अंकित स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) व पौधा भेंटकर सम्मानित किया. बीडीओ शेफाली और मुखिया दयानंद सिंह ने कहा कि ऐसे शिविरों से अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित होती है और ग्रामीणों के समय व धन दोनों की बचत होती है.
Also Read: रोहतास के नोखा में ब्यूटी प्रैक्टिशनर प्रशिक्षण का समापन, कार्यक्रम में जिलाधिकारी हुए शामिल
