सासाराम मॉडल अस्पताल में शुरू हुआ जनरल वार्ड, मरीजों को मिलेंगे अतिरिक्त बेड

सासाराम के 200 बेड वाले मॉडल अस्पताल में जनरल वार्ड की शुरुआत हो गई है। इससे मरीजों को अतिरिक्त बेड और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

Rohtras News : सदर अस्पताल परिसर स्थित 200 बेड के मॉडल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. मॉडल अस्पताल के द्वितीय तल पर जनरल वार्ड का संचालन शुरू कर दिया गया है. वार्ड में बेड, फर्नीचर, जरूरी चिकित्सा उपकरण, पेयजल, बिजली, स्वच्छता समेत अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं. जनरल वार्ड शुरू होने से अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों को अतिरिक्त बेड मिलेंगे और इलाज में सहूलियत होगी.

55 करोड़ की लागत से तैयार हुआ है चार मंजिला मॉडल अस्पताल

करीब 55 करोड़ रुपये की लागत से तैयार चार मंजिला मॉडल अस्पताल में मरीजों को एक ही परिसर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है. अस्पताल की कुल क्षमता 200 बेड की है. यहां अत्याधुनिक आईसीयू की सुविधा भी तैयार की गयी है. इसके अलावा 12 बेड की डायलिसिस यूनिट स्थापित की जा चुकी है.

सामान्य मरीजों की भर्ती से कम होगा सदर अस्पताल का दबाव

मॉडल अस्पताल में जनरल वार्ड शुरू होने से सदर अस्पताल में भर्ती मरीजों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी. खासकर सामान्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों को व्यवस्थित तरीके से भर्ती कर इलाज उपलब्ध कराया जा सकेगा. इससे गंभीर मरीजों के लिए सदर अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने में भी मदद मिलेगी.

डायलिसिस सेवा के संचालन में तकनीशियन की कमी बनी थी बाधा

मॉडल अस्पताल में 12 बेड की डायलिसिस यूनिट पहले ही स्थापित की जा चुकी है. हालांकि जून में डायलिसिस सेवा के संचालन में तकनीशियन की कमी बाधा बनी थी. स्वास्थ्य सुविधाओं को चरणबद्ध तरीके से प्रभावी बनाने के साथ अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों के संचालन और रख-रखाव पर भी विभाग की ओर से ध्यान दिया जा रहा है.

संसाधनों के बेहतर उपयोग का अधिकारियों को निर्देश

वार्ड में उपलब्ध बेड, उपकरण और अन्य संसाधनों के समुचित रख-रखाव एवं उपयोग को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिए हैं. विभाग का प्रयास है कि मॉडल अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ मरीजों को मिले और स्वास्थ्य सेवाओं को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाए.

स्थानीय स्तर पर गंभीर मरीजों को भी बेहतर इलाज देने की तैयारी

सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने कहा कि मॉडल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को चरणबद्ध तरीके से प्रभावी बनाया जा रहा है. जनरल वार्ड शुरू होने से मरीजों को अतिरिक्त बेड की सुविधा मिलेगी. उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा देने का प्रयास किया जा रहा है. साथ ही गंभीर मरीजों को अधिक से अधिक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है. मॉडल अस्पताल में सेवाओं के विस्तार से सदर अस्पताल की क्षमता बढ़ने और मरीजों को बेहतर व सुचारू इलाज मिलने की उम्मीद है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Jitendra kr paswan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >