Sasaram Bijli Vibhag Raid : रोहतास जिले के कोचस नगर पंचायत क्षेत्र में बिजली विभाग ने बुधवार की देर शाम अवैध बिजली इस्तेमाल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. इस विशेष अभियान के तहत विभाग की टीम ने अलग-अलग वार्डों में छापेमारी की, जिसमें आधा दर्जन उपभोक्ता मीटर बाइपास कर बिजली चोरी करते पकड़े गए. सभी के खिलाफ कोचस थाने में प्राथमिकी दर्ज किया गया है. साथ ही सभी के खिलाफ भारी जुर्माना भी लगाया गया है.
यह कार्रवाई कनीय विद्युत अभियंता राहुल रंजन के नेतृत्व में विद्युत आपूर्ति द्वारा की गई. विभाग की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया. अचानक हुई छापेमारी के कारण कई लोगों में डर का माहौल देखा गया और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए.
Sasaram News : मीटर बाइपास कर हो रही थी चोरी
कनीय अभियंता राहुल रंजन ने बताया कि जांच के दौरान कई घरों में मीटर को बाइपास कर सीधे लाइन से बिजली का उपयोग किया जा रहा था. यह पूरी तरह अवैध है और इससे विभाग को आर्थिक नुकसान होता है. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करना जरूरी है, ताकि अन्य लोग भी इससे सबक लें.
छापेमारी के दौरान वार्ड संख्या 10 निवासी प्रमोद सिंह की पत्नी मीरा कुमारी पर 37660 रुपये का जुर्माना लगाया गया. इसी वार्ड के रामनाथ सिंह की पत्नी लवंगा देवी पर 29400 रुपये और जोखू शर्मा के पुत्र बबन शर्मा पर 20046 रुपये का दंड निर्धारित किया गया.
Bijli Vibhag : वार्ड संख्या 7 में भी कार्रवाई
टीम ने वार्ड संख्या 7 में भी जांच अभियान चलाया, जहां कई उपभोक्ता बिजली चोरी करते पाए गए. यहां सतेन्द्र नारायण सिंह की पत्नी रिंकू देवी पर 24650 रुपये, नंदकिशोर चौधरी पर 21472 रुपये और निर्मल कानू पर 15436 रुपये का जुर्माना लगाया गया.
अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपितों के खिलाफ कोचस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.
FIR : पुलिस ने भी की पुष्टि
इस पूरे मामले की पुष्टि अपर थानाध्यक्ष बबलू कुमार ने की है. उन्होंने बताया कि बिजली विभाग की शिकायत के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच की जा रही है और नियमों के अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी.
बिजली विभाग की इस कार्रवाई से साफ संकेत है कि अवैध बिजली उपयोग करने वालों के खिलाफ अब सख्ती बढ़ेगी. विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और वैध तरीके से बिजली का उपयोग करें. साथ ही चेतावनी दी गई है कि आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
Also Read : सासाराम में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, रेलवे ट्रैक पार करते वक्त हुआ हादसा
